कुशीनगर। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बांसगांव खलवा टोला में बीते मंगलवार की आधी रात को हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से दो लोगों को हुई मौत के मामले में शुक्रवार को विशुनपुरा थाने में बिजली विभाग के एसडीओ और जेई पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज हो गया। डीएम के निर्देश और चौकीदार की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज हुआ है।
मंगलवार की आधी रात को इस गांव में 11 हजार वोल्ट का तार टूट कर गिर गया था। तार की चपेट में आने से 22 वर्षीय दिव्यांग पतरू और 35 वर्षीया रूपवती की मौत हो गई थी। इस हादसे में तीन मवेशियों की भी झुलसने से मौत हुई थी। बुधवार को विधायक अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में लोगों ने शव को पोस्टमार्टम को लिए ले जाए जाने से रोक दिया था। करीब दो घंटे बाद एसडीएम ने आकर पीड़ित परिवारों को 25-25 हजार रुपये मुआवजा दिलाया था। एसडीएम के आश्वासन पर लोगों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया था। बुधवार को ही डीएम ने लापरवाही बरतने के आरोप में बिजली विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही थी। शुक्रवार को गांव के चौकीदार की तहरीर पर विशुनपुरा थाने में बिजली विभाग के एसडीओ उदय प्रताप सिंह और जेई दिलीप मौर्या पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज हो गया। एसओ अरुण कुमार का कहना है कि एसडीओ और जेई पर मुकदमा दर्ज हो गया है। मामले की जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई होगी।