गोरखपुर। आरपीएफ, रेलवे बोर्ड के महानिदेशक अरुण कुमार ने गुरुवार को आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र एवं आरपीएफ बटालियन 2 का निरीक्षण किया। आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र में देशभर से चुनी गईं महिला कांस्टेबलों को प्रशिक्षित किया जाएगा। महानिदेशक ने प्रशिक्षण के संबंध में जरूरी निर्देश भी दिए। निरीक्षण के बाद महानिदेशक ने अधिकारियों और जवानों के साथ बैठक भी की। उन्होंने कहा कि अपनी कार्यशैली से अलग छवि बनाएं। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र स्थित कैंटीन की सुविधा को बेहतर बनाने का निर्देश दिया।
महानिदेशक ने आरपीएफ जवानों को सीडीआर विश्लेषण और साइबर क्राइम के बारे में जानकारी दी। कहा कि आरपीएफ को आधुनिक फोर्स बनाना है। जवानों को मानसिक रूप से ज्यादा मजबूत होने की जरूरत है। यात्रियों से बेहतर संवाद से ही छवि सुधारेगी। इसके लिए सभी जवानों को प्रशिक्षण दिया जाए। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजाराम ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हम कटिबद्ध है। जवानों ने सुरक्षा और ट्रेन में चोरी रोकने के साथ ही लावारिस व भटके बच्चों एवं महिलाओं की मदद की है। इससे छवि बेहतर हुई है। धन्यवाद ज्ञापन आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य अमरपाल जोशिया ने किया।