यूपी बोर्ड: नकल करती दो छात्राएं पकड़ी गईं
हाईस्कूल और इंटर में हिंदी की परीक्षा में डेढ़ लाख से अधिक परीक्षार्थी हुए शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षा में मंगलवार को दोनों पालियों में हिंदी और प्रारंभिक हिंदी की परीक्षाएं हुई। दोनों पालियों के लिए पंजीकृत 151889 में से 14341 ने परीक्षा को छोड़ दी। हाईस्कूल की परीक्षा में डीआईओएस ने एक छात्रा को नकल करते रंगे हाथों पकड़ा। दूसरी जगह केंद्र के अध्यक्ष ने छात्रा को नकल करते पकड़ा। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी है।
सभी केंद्रों पर सुबह समय से परीक्षाएं शुरू हुईं। डीआइओएस ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया के नेतृत्व में जांच करने निकला सचल दल सुबह 8:30 बजे जैतपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज पहुंचा। वहां नकल के आरोप में छात्रा पर कार्रवाई की गई। मोतीराम अड्डा के यशोदा देवी सरोजनीमती कन्या इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक ने एक छात्रा को नकल करते पकड़ा था। कुछ स्थानों पर कक्ष निरीक्षकों की कमी की शिकायत आई। डीआईओएस के अनुसार समस्याओं को दूर कर लिया गया है। परीक्षा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। पहली पाली में हाईस्कूल में 81599 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 8157 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट में 1133 के सापेक्ष 43 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 69157 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 6141 परीक्षा देने नहीं आए।