पूर्व गृह राज्यमंत्री और कांग्रेस राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य आरपीएन सिंह ने कहा कि कांग्रेस गोरखपुर और फूलपुर दोनों लोकसभा सीटों का उपचुनाव पूरे दमखम से लड़ रही है। दोनों जगहों पर पार्टी को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। दरअसल पार्टी मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ रही है, वहीं भाजपा की बुनियाद पूरी तरह से झूठ पर टिकी है।
रविवार को शहर के एक होटल में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव के दौरान जो भी वादा किया था, उनमें से एक भी पूरा नहीं हो सका। न तो 15 लाख लोगों के खाते में आए और न ही दो करोड़ युवाओं को नौकरियां मिलीं। पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की बात भी हवाई साबित हुई, जबकि पिछले साढ़े तीन साल में कारगिल युद्ध से ज्यादा सैनिकों को शहादत देनी पड़ी है। कई मोदी करोड़ों रुपये लेकर देश से फरार हो गए और ‘चौकीदार’ सोता रहा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के शहजादे ने भी करोड़ों का घोटाला कर दिया। खाद कारखाना शुरू नहीं हुआ और बीआरडी मेडिकल कॉलेज की स्थिति में भी कोई सुधार नहीं हुआ। इन सारे मुद्दों के साथ कांग्रेस पार्टी गोरखपुर की जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने कहा कि सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस पार्टी मेघालय में फिर से सबसे बड़ी पार्टी बनी है। वहां सरकार बनाने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल, अरुण अग्रहरि समेत कई कांग्रेस मौजूद रहे। इसके बाद आरपीएन सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी सुरहीता करीम के पक्ष में प्रचार किया।
सपा ने शर्त मानने इंकार किया तो नहीं हुआ गठबंधन
पूर्व गृह राज्यमंत्री ने सपा बसपा गठबंधन के मसले पर कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भी सपा से गठबंधन की कोशिश की थी। राष्ट्रीय पार्टी होने की वजह से गोरखपुर और फूलपुर में से किसी एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की शर्त रखी थी, लेकिन सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इससे इंकार कर दिया था। इसके बाद पार्टी ने दोनों सीटों पर प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया।