गोरखपुर महोत्सव के आखिरी दिन ‘बॉलीवुड नाइट’ में शिरकत करने पहुंचे गायक, गीतकार, एक्टर व कंपोजर शान ने लोगों की पसंद को सबसे अहम करार दिया। बोले, बदलते दौर में लोगों की पसंद बदली है, जिससे गानों का ट्रेंड भी बदल रहा है। कल, आज और कल का ट्रेंड चल रहा है। जो आज पुराना समझ लिया जाता है, वही कुछ साल बाद नए रूप में फिर फ्रेश लगने लगता है।
रियल्टी शो से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इससे नई और युवा प्रतिभाओं को प्रमोट किया जा रहा है। यह ऐसा मंच है, जहां काबिल लोग अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। यह अच्छा प्रयास है। अलबम वर्सेज, न्यू ट्रेंड सिंगिंग पर उन्होंने कहा कि अब एक या दो गानों से भी लोगों को पहचान मिल जा रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म भी नए अवसर दे रहा है। यूट्यूब पर लोग गाने अपलोड कर रहे हैं और उसे सुना जा रहा है। अलबम बनाना अब ट्रेंड में नहीं है। इसका कारण है कि लोगों का टेस्ट बदल रहा है और वे डिजिटल हो रहे हैं। ऐसे में हमें बदलते जमाने के साथ चलना होगा। यही वजह है कि सिंगिंग ट्रेंड बदल रहा है।
उन्होंने कहा कि वे खुद भी अपने गानों को यूट्यूब पर डाल रहे हैं। बहुत ही टफ कंपटीशन है, यहां टिके रहने और हिट देने के लिए हर वक्त काम करते रहने की जरूरत है। रीमिक्स के सवाल पर उन्होंने कहा कि आज भी लोग रीमिक्स को खूब पसंद कर रहे हैं, जिससे उनकी डिमांड बनी हुई है। लोगों की जैसी पसंद बनती है, वैसी ही म्यूजिक भी मार्केट में आती है।