प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली में नवनिर्वाचित मेयर सीताराम जायसवाल को शहर के विकास का मंत्र दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नगर निगम जनतंत्र की प्राथमिक इकाई है। जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की चुनौती है। मेयर विकास का बेहतर मॉडल बनाएं। केंद्र और प्रदेश सरकार हरसंभव मदद को तैयार है।
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक दिवस सप्ताह में शिरकत करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को ही मेयर सीताराम जायसवाल कोे साथ लेकर नई दिल्ली रवाना हो गए थे। मुख्यमंत्री के साथ ही यूपी के 14 मेयर ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास पर मोदी से मुलाकात की। 45 मिनट की मुलाकात में प्रधानमंत्री ने शहर के विकास, जनता का दिल जीतने का तरीका बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास के नाम पर आपने चुनाव जीता है। विकास ही करना है। इस पर मेयर ने सहमति जताई।
प्रधानमंत्री से मिलकर उत्साहित गोरखपुर के मेयर ने कहा कि शहरवासियों के लिए काम करने की प्रेरणा मिली है। 2019 से पहले गोरखपुर को गंदगी से निजात दिला देंगे। साफ-सफाई की बेहतरीन कार्ययोजना बनाई जा रही है। नालियों का पानी सड़क पर न फैले, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। गोरखपुर सीएम सिटी है, इसलिए धन की कमी नहीं होगी। तेजी से विकास होगा। इस शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में कदम आगे बढ़ाया जाएगा। जनता के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश की जाएगी।
मेयर से बोले पीएम
- जनता के बीच रहें और ईमानदारी से काम करें
- विकास की योजना बनाएं और उसका क्रियान्वयन कराएं
- शहर, शहरवासियों को गंदगी से निजात दिलाएं। बीमारी सहित बड़ी समस्याएं खत्म होंगी
- जनता के सुख-दुख का हिस्सा बनें ताकि भरोसा जीत सकें
प्रधानमंत्री ने ट्वीट की फोटो
मेयर सीताराम जायसवाल के साथ अपनी फोटो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट भी की। इसके जरिये प्रधानमंत्री ने कहा कि सीताराम अच्छा काम करें। उनके साथ मेरी शुभकामनाएं हैं। वह हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र से आते हैं। सांसद रहते उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास और गरीब जनता के लिए बहुत काम किया है। अब मेयर भी गोरखपुर के विकास को आगे बढ़ाएंगे।
जीएसटी के फायदे बताएंगे सीताराम
मेयर बने व्यापारी सीताराम जायसवाल गुजरात के व्यापारियों को जीएसटी के फायदे बताएंगे। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद वह मंगलवार को ही अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। मेयर सात दिसंबर तक गुजरात में रहकर सूरत और अहमदाबाद सहित तमाम शहरों में भाजपा के लिए वोट मांगेंगे। गुजरात में पहले चरण का चुनाव नौ दिसंबर को है।