देवरिया। निकाय चुनाव में सोमवार को छठे दिन 717 नामांकन पत्र दाखिल हुए। इसमें जिले के 11 निकायों में अध्यक्ष पद के 167 और सभासद पद के लिए 550 नामांकन पत्र शामिल हैं। वहीं अध्यक्ष पद के 70 और सदस्य के लिए 93 पर्चे खरीदे गए। अब तक अध्यक्ष पद के लिए 190 तथा सभासद पद के लिए 760 नामांकन पत्र जमा किए जा चुके हैं, जबकि अध्यक्ष पद के लिए 374 और सदस्य के लिए 1393 नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं। आज (मंगलवार) को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है। प्रत्याशी दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र खरीद और जमा कर सकते हैं।
जिला पंचायत परिसर स्थित विभिन्न काउंटर से सोमवार को देवरिया, गौरीबाजार, रामपुर कारखाना और बरियारपुर टाउन एरिया के अध्यक्ष और सभासद पद के लिए नामांकन पत्रों के दाखिल और खरीद की प्रक्रिया 11 बजे से शुरू हुई। नगर पालिका परिषद देवरिया के अध्यक्ष के लिए भाजपा से अलका सिंह, सपा से अशोक मद्धेशिया, पीस पार्टी से जमशेद आलम, अतुल त्रिगुणायत, दुर्गा चरण सोनकर, पंकज सिन्हा और जय प्रकाश सिंह ने भी नामांकन पत्र पत्र दाखिल किया है। इस तरह सात उम्मीदवारों ने पर्चा जमा किया है। वहीं लल्लन जायसवाल, मनोज श्रीवास्तव, अशोक मद्धेशिया, संदीप कुमार ने नामांकन पत्र खरीदा। इसके अलावा विभिन्न वार्डों से सभासद के लिए 81 नामांकन पत्र जमा हुआ जबकि 30 नामांकन पत्र खरीदे गए। गौरीबाजार टाउन एरिया अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से शाकिर हुसैन, सपा से नीलेश जायसवाल, बसपा से रविंद्र यादव और प्रदीप कुमार ने नामांकन पत्र जमा किया। सभासद पद के लिए विभिन्न वार्डों से 28 पर्चे दाखिल हुए जबकि पांच नामांकन पत्र खरीदे गए। रामपुर कारखाना टाउन एरिया अध्यक्ष के लिए बसपा से बिल्किश, कांग्रेस से मिथिलेश के अलावा यशोदा, रंजना और बिंदू ने नामांकन पत्र जमा किया जबकि मंजू और कमलावती ने नामांकन पत्र खरीदा। सभासद पद के लिए 16 नामांकन पत्र दाखिल हुए। बरियारपुर टाउन एरिया में अध्यक्ष पद के लिए सपा से उमरावती और लालमती ने निर्दल के तौर पर नामांकन पत्र जमा किया। सभासद पद के लिए 13 नामांकन पत्र जमा हुए। विभिन्न वार्डों से सभासद पद के लिए 138 पर्चे दाखिल हुए। नगर पंचायत भाटपाररानी के अध्यक्ष पद के लिए सात दावेदारों संजय जायसवाल, भाजपा के विजय कुमार गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष प्रेमलता गुप्ता, बादामी देवी, जितेंद्र जायसवाल, देवेश कुमार गुप्ता और रविंद्र कुशवाहा ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सभासद के 36 दावेदारों ने नामांकन पत्र भरा। सभासद के 7 दावेदारों ने पर्चा खरीदा। सलेमपुर तहसील परिसर में नामांकन के छठवे दिन अध्यक्ष पद के 42 और सदस्य पद के 118 पर्चे दाखिल हुए। सलेमपुर व मझौलीनगर पंचायत अध्यक्ष पद से बारह पर्चे भरे गए।
भटनी से दस व लार से आठ पर्चे भरे गए। सलेमपुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के भाजपा से बृजेश उपाध्याय, भाजपा के बागी शंभू दयाल गुप्त, निर्दल सुधाकर गुप्त, श्रीराम यादव, सुनीता देवी ने पर्चा दाखिल किया। बसपा से संतोष ठाकुर, मनोज कुमार सिंह, धनंजय यादव ने पर्चा दाखिल किया। सदस्य पद के लिए 36 पर्चे दाखिल किए गए।
मझौलीराज के अध्यक्ष पद के लिए सपा से दिवाकर यादव, महबूब आलम, पारस नाथ, फिरोज अहमद, प्रदीप सिंह, संजय सिंह, समीना परवीन, महताब आलम, गुलाब शंकर ने पर्चा दाखिल किए। सदस्य पद के लिए 36 पर्चे दाखिल हुए। लार नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा से सरोज देवी, बसपा से रविंद्र वर्मा, पुष्पा देवी, लीलावती देवी, शकील लारी, पप्पू राजभर ने पर्चा दाखिल किए। सदस्य पद के 41 पर्चे दाखिल किए गए।
भटनी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिएं भाजपा से मानिक चंद्र वर्मा, सपा से विजय कुमार गुप्त, कांग्रेस से बलराम मद्घेशिया, बसपा से रीता देवी, राम सूरत यादव, मोहन लाल गुप्त, उनकी पत्नी उर्मिला देवी, रमेश चंद्र वर्मा व डॉ. बलराम ने पर्चा दाखिल किए। सदस्य पद के लिए 35 पर्चे दाखिल किए गए।
बरहज नगर पालिका चुनाव परिषद के अध्यक्ष पद के पांच और सभासद के लिए 70 दावेदारों ने पर्चे भरे। तहसील परिसर में पूरे दिन रेला रहा। अध्यक्ष पद पर सपा से पूर्व नपा अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्त, निवर्तमान चेयरमैन अजीत जायसवाल, प्रदीप सिंह, निर्मला देवी और गोपाल ने पर्चे भरे। विभिन्न वार्डों के सदस्य के लिए 70 दावेदारों ने पर्चे दाखिल किए। रुद्रपुर नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस, बसपा और सपा के टिकट पर तीन दावेदारों सहित दो निर्दल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान समर्थकों की भारी भीड़ तहसील मुख्यालय पहुंची।
महिलाओं के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद पर सपा की नर्वदा देवी ने पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उनके पति पूर्व चेयरमैन सुभाष चंद मद्धेशिया, पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह खोखा सिंह, प्रदीप यादव, रामकेवल यादव और सैकड़ों सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अध्यक्ष पद पर बसपा की प्रत्याशी श्नेहलता वर्मा ने लाव लश्कर के साथ नामांकन दाखिल किया। उनके साथ व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष महेश वर्मा, स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, बसपा नेता रामदरश विद्यार्थी मौजूद रहे। पूर्व चेयरमैन फौजदार शर्मा की पुत्रबधू लालमती देवी ने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर अध्यक्ष पद पर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के नगर अध्यक्ष रवि गुप्ता, राधेश्याम पांडेय, अशोक सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं का हुजूम देखा गया।