मगहर(संतकबीरनगर)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रैना पेपर मिल के पास सोमवार को पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मी की मौत हो गई। सूचना पर आसपास के लोगों के साथ मगहर चौकी के पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे और पिकअप को कब्जे में ले लिया। महुली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी राजाराम यादव(65) पुत्र स्वर्गीय पंचम यादव रोडवेज वर्कशॉप गोरखपुर में फिटर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह सोमवार को रक्षाबंधन पर्व पर अपनी बहन मुन्नी देवी के घर राखी बंधवाने बाइक से जा रहे थे। अभी कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मंझरिया मोड़ से आगे रैना पेपर मिल के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान सामने से गुजरी पिकअप ने उन्हें अपने चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 100 मीटर तक घसीट दिए जाने से सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मी की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मगहर चौकी के पुलिस कर्मी पहुंचे और उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मी के गांव के और नाते रिश्तेदार भी पहुंच गए। कोतवाल राकेश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिजन की तरफ से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आगे बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। जबकि चालक मौके से भागने में सफल रहा।