संतकबीरनगर। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे नगर के मैलानी के चौरसिया टोले में चोटी कटने का मामला सामने आया है। इससे आसपास हड़कंप मच गया। मैलानी के चौरसिया टोला निवासी शाकिर अली ने बताया कि उसकी 13 वर्षीय बेटी खालिदा कक्षा पांच में पढ़ती है। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह कमरे में सोई थी। अचानक बेटी के चिल्लाने पर उसकी चाची पहुंची और उन्होंने देखा की उसकी बेटी की चोटी कट गई है। जानकारी पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं घटना से खालिदा काफी सहमी हुई है। कोतवाल राकेश सिंह यादव ने बताया कि रविवार की रात भी बालूशासन में भी नौवीं की छात्रा स्तुति राय पुत्री अरविंद राय की चोटी कटने की सूचना पर पुलिस गई थी। फिर सोमवार को मैलानी में खालिदा की चोटी कटने की जानकारी मिली है। वैसे यह महज अफवाह है। कोतवाल ने लोगों से अपील की है कि चोटी कटने के अफवाह पर ध्यान न दें। आगे बताया कि अफवाह फैैलाने वालों के बारे लोग तत्काल पुलिस को सूचना दें।