दारोगा, सिपाही व होमगार्ड वर्दी की धौंस दिखाकर ट्रेन में बिना टिकट यात्रा नहीं कर सकेंगे। मजिस्ट्रेट चेकिंग में पुलिसवालों के पकड़े जाने, खराब आचरण मिलने पर एडीजी कानून व्यवस्था ने प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्देश का सख्ती से पालन को कहा है। निर्देश मिलने के बाद डीआइजी नीलाब्जा चौधरी ने रेंज के सभी पुलिस कप्तानों को गंभीरता से इस पर अमल करने को कहा है।
डीआईजी ने कहा कि अक्सर शिकायत मिलती है कि पुलिसकर्मी बिना टिकट ट्रेन में यात्रा करते हैं। कोच में दूसरे यात्रियों की आरक्षित सीट पर बैठ जाते हैं, विरोध करने पर मारपीट की नौबत आ जाती है। दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत भी मिली है। इस तरह की हरकत से जनमानस में पुलिस के प्रति खराब धारणा बन रही है। इसलिए पुलिसकर्मियों को बिना टिकट ट्रेन में यात्रा करने, दूसरे की आरक्षित सीट पर बैठने से रोका जाए। पुलिस कप्तान इसकी निगरानी स्वयं करें। शिकायत मिलने पर जांच कराकर आरोपी पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।