कोठीभार। 147 वर्ष पुरानी नगर पंचायत सिसवा बाजार को तहसील बनाए जाने को लेकर विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह व अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लखनऊ में मुलाकात कर सिसवा कस्बे का ब्योरा सौंपा गया। एमएलसी ने तहसील की मांग को विधान परिषद में उठाने का आश्वासन दिया। अंग्रेजी हुकूमत में सिसवां टाउन एरिया का दर्जा दिए जाने के बाद जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से आज तक कोई विकास नहीं हुआ।
बुधवार को तहसील बनाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार मल्ल के नेतृत्व धीरेंद्र कुमार उर्फ धीरू सिंह, राजन विश्वकर्मा, रिजवान अहमद, श्रीराम शाही, चंदन सोनी, विवेक सोनी की एक प्रतिनिधि मंडल लखनऊ पहुंच कर विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह को सिसवां से संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराया। एमएलसी ने सिसवां को तहसील बनाने के लिए विधान परिषद में मांग उठाने का आश्वासन दिया है। 24 जुलाई को भी अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष सिंह पटेल से मिल कर समिति के सदस्य रौशन मद्धेशिया व अमरेंद्र मल्ल ने सिसवां नगर को तहसील का दर्जा दिलाने आदि के लिए ज्ञापन सौंप चुके हैं।