गोरखपुर।
बारिश और उमस के बीच डायरिया का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। बीते एक सप्ताह में 35 मरीज डायरिया के चलते संक्रामक रोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं। वहीं बीते 24 घंटे में पांच नए मरीज भर्ती हुए हैं।
खान-पान में जरा सी असावधानी से लोग डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। बीते 24 घंटे में लालडिग्गी के सिकंदर (25), छोटे काजीपुर के करणवीर (18), माया टॉकीज के सुजीत (35), शाहमारूफ के विक्की (29) और ट्रासंपोर्ट नगर की गुलाबी देवी (48) संक्रामक रोग अस्पताल पहुंचे। वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों के रिकॉर्ड पर गौर करें तो पिछले साल के मुकाबले इस साल डायरिया का प्रकोप बढ़ गया है। पिछले साल में जुलाई में जहां 77 मरीज भर्ती हुए थे, इस बार अब तक 94 मरीज भर्ती हो चुके हैं, जबकि जनवरी से अब तक डायरिया के 1030 मरीज संक्रामक रोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं। इसमें सबसे ज्यादा मरीज शहर क्षेत्र के हैं।
बुखार पीड़ितों के लिए बनेगा हेल्प डेस्क
गोरखपुर। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के निर्देश पर जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी के साथ ही मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में बुखार सहायता केंद्र खोला जा रहा है। इसके पीछे मंशा बुखार पीड़ितों को तत्काल इलाज मुहैया कराना और एईएस पर लगाम लगाना है। यह जानकारी सीएमओ ने दी।