रोजगार मेले में साक्षात्कार देने पहुंचे अभ्यर्थी।
- फोटो : Amar Ujala
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के दीक्षा भवन में आयोजित रोजगार मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। दो दिनों तक चले रोजगार मेले में 4661बेरोजगारों के नौकरी पाने का सपना साकार हुआ। पहले दिन हुई बदइंतजामी के बाद शुक्रवार सुबह जिम्मेदारों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी दिखाई। उसका असर भी देखने को मिला, दीक्षा भवन में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। रजिस्ट्रेशन स्लिप दिखाने पर ही युवाओं को दीक्षा भवन में दाखिल होने दिया गया, जहां एक-एक कर सभी अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू दिया और अपने चयन की उम्मीदों को पक्का किया।
दूसरे दिन 27 कंपनियों ने मेले में हिस्सा लिया और 4257 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। शाम होते-होते कई ने रिजल्ट भी जारी कर दिए, जिसमें 1918 का चयन किया गया। कुछ कंपनियों ने एक सप्ताह के अंदर साक्षात्कार का परिणाम घोषित करने का आश्वासन दिया है।
खाली रह गईं 6805 रिक्तियां
रोजगार मेले के लिए 11466 पदों पर 64 कंपनियों को उम्मीदवारों का चयन करना था। दोनों दिन इंटरव्यू के बाद 4661 बेरोजगारों को ही नौकरी मिल सकी। इससे करीब 6805 पद खाली ही रह गए हैं। रोजगार मेले के लिए करीब 15 हजार युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। पहले दिन मेले में 46 कंपनियों ने हिस्सा लिया था। 9983 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था, जिसमें 2743 को नौकरी मिली थी।
इंटरव्यू में पूछे गए कुछ सवाल
पाइथागोरस थ्योरम, अमल और क्षार की पीएच वैल्यू, कुछ धातुओं के नाम बताएं, वर्मीकंपोस्ट क्या है, किसी कीटनाशक का नाम बताए, लाल केचुआ का महत्व बताएं, फीटर कितने प्रकार के होते हैं, पाइप फिटिंग कितने प्रकार की होती है।