गोरखपुर। पॉलिटेक्निक संस्थानों में 27 जून से ऑनलाइन काउंसिलिंग शुरू होगी। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसके मुताबिक जिले की लगभग 1600 सीटों पर दाखिले के लिए काउंसिलिंग तीन राउंड में होगी।
पहले राउंड में अभ्यर्थी 27 से 30 जून तक वेबसाइट (jeecup.nic.in) के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करके फीस जमा करने के साथ ही च्वाइस भी भर सकेंगे। हालांकि च्वाइस लॉक करने के लिए 29 जून से एक जुलाई तक मौका मिलेगा। दो जुलाई को पहला सीट अलॉटमेंट जारी किया जाएगा। 24 जुलाई तक अभ्यर्थी को आवंटित विद्यालय में दाखिला लेना होगा। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से 26 मई को आयोजित प्रवेश परीक्षा में 23205 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। जिले में तीन सरकारी, एक अनुदानित समेत सात प्राइवेट पॉलिटेक्निक मौजूद हैं।
250 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के लिए 250 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क के तौर पर जमा करने होंगे। वहीं, सीट आरक्षित करने के लिए तीन हजार रुपये शुल्क के तौर पर जमा करने होंगे। च्वाइस लॉक करने के बाद सीट अलॉटमेंट होगा। तीन से नौ जुलाई के बीच अभ्यर्थियों को अपने अलॉट किए गए कॉलेज में जाकर अंकपत्र, प्रमाणपत्र सत्यापित कराने होंगे। वहां पर अभ्यर्थियों को फ्रीज और फ्लोट का ऑप्शन भी दिया जाएगा।
सीधे दाखिले का मौका 31 जुलाई के बाद
राजकीय और अनुदानित संस्थानों में खाली सीटों को भरने के लिए 29 जुलाई को स्पॉट काउंसलिंग होगी। उसके बाद सीटें खाली रहीं तो तीन अगस्त को परिषद के कार्यालय में केंद्रीयकृत काउंसलिंग की जाएगी। प्राइवेट संस्थानों को सीधे दाखिले का मौका 31 जुलाई से 15 अगस्त तक दिया जाएगा।
काउंसिलिंग कार्यक्रम
प्रथम चरण
27- 30 जून, रजिस्ट्रेशन, रजिस्ट्रेशन फीस
27 जून से एक जुलाई - च्वाइस फिलिंग
29 जून से एक जुलाई- च्वाइस लॉकिंग
दो जुलाई- सीट अलॉटमेंट
तीन-नौ जुलाई तक सिक्योरिटी फीस डिपॉजिट, कॉलेज में अंकपत्र, प्रमाणपत्र का सत्यापन
तीन-24 जुलाई- आवंटित संस्थान पर दाखिला लेने की प्रक्रिया को पूरा करना
द्वितीय चरण
10-11 जुलाई- रजिस्ट्रेशन, रजिस्ट्रेशन फीस, च्वाइस फिलिंग, लॉकिंग
12 जुलाई - सीट अलॉटमेंट
13-16 जुलाई- सिक्योरिटी फीस डिपॉजिट, कॉलेज में अंकपत्र, प्रमाणपत्र सत्यापन
तृतीय चरण
17-18 जुलाई- रजिस्ट्रेशन, रजिस्ट्रेशन फीस, च्वाइस फिलिंग, लॉकिंग
19 जुलाई- सीट अलॉटमेंट
20 से 24 जुलाई- सिक्योरिटी फीस जमा, कॉलेज में अंकपत्र, प्रमाणपत्र सत्यापन