गोरखपुर। यात्री सुविधाओं की हकीकत जानने के बाद एनईआर के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल ने वाराणसी इंटरसिटी में एसी कोच बढ़ाने का आदेश दिया है। साथ ही ट्रेन के समय को लेकर भी उन्होंने चेताया है। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया है कि ट्रेन समय से चलाई जाए ताकि यात्रियों को असुविधा ना होने पाए।
रेलवे जीएम ने यह आदेश यात्रियों से फीडबैक लेने के बाद दिया है। यात्री सुविधाओं की पड़ताल के लिए शनिवार की शाम रेलवे जीएम राजीव अग्रवाल वाराणसी इंटरसिटी में सवार हुए और यात्रियों से फ ीडबैक लिया। फ ीडबैक में महाप्रबंधक को जो भी सुझाव मिले उन सभी पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देश दिया। यात्रा के दौरान यात्रियों ने महाप्रबंधक से कहा कि वाराणसी इंटरसिटी में वातानुकूलित श्रेणी की सिर्फ एक ही बोगी है। ऐसे में इसकी संख्या बढ़ाई जाए और इसकी टाइमिंग भी दुरुस्त कराई जाए।
इस पर महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि दोनों सुझाव पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने साथ में उपस्थित सभी अफसरों को निर्देश दिया कि वह समय-समय पर ट्रेनों में यात्रियों के बीच यात्रा कर सुविधाओं की पड़ताल करें और यात्रियों से उनका अनुभव जानें। महाप्रबंधक के साथ प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर बेचू राय, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एके पांडेय, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त एके श्रीवास्तव, मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, एफ एम राधेश्याम सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। इन दिनों सभी ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ चल रही है। ऐसे में महाप्रबंधक द्वारा ट्रेन में औचक निरीक्षण बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।