शुक्रवार आधी रात के बाद से गोरखपुर और बस्ती मंडल में कहीं हल्की तो कहीं जमकर हुई बारिश से गर्मी से राहत मिली। वहीं देवरिया के रामपुर कारखाना में बिजली गिरने से रियाज अहमद (20) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य झुलस गए। कई इलाकों में जलजमाव से परेशानी पैदा हो गई है। मौसम विज्ञानियों ने अगले 12 घंटों में आंधी की संभावना जताई है। बस्ती, सिद्धार्थनगर सहित मध्य और पूर्वी यूपी के कुछ स्थानों पर तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे) के साथ तेज बारिश हो सकती है। संतकबीरनगर, कुशीनगर और महराजगंज में भी बारिश से मौसम सुहाना हो गया है।
शुक्रवार देर रात से शुरू हुई बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी वहीं बिजली कटौती ने शनिवार को लोगों को रुला दिया। पिछले आठ माह से सुधार कार्य और मरम्मत के नाम पर बिजली विभाग ने घंटों कटौती की लेकिन सभी इंतजाम पहली बारिश में ही बेकार साबित हो गए। कई इलाकों में शुक्रवार की रात गुल बिजली शनिवार शाम को 18 घंटे आई। कटौती से शनिवार की सुबह हजारों घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। नौकरी पेशा लोगों ने हैंडपंप से पानी लेकर किसी तरह काम चलाया।
शुक्रवार देर रात शुरू हुई बारिश शनिवार को भी दिनभर होती रही। इस बीच शहर में कई जगह फाल्ट की वजह से बिजली गुल हो गई। बिजली कर्मचारी शनिवार की सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर फ ाल्ट खोजने में जुटे रहे। दोपहर तक कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। लेकिन बारिश के कारण आधा दर्जन उपकेंद्रों की 33 केवी लाइन में फ ाल्ट से इन उपकेंद्रों से जुड़े मोहल्लों में देरशाम तक बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। विश्वविद्यालय, नार्मल, लालडिग्गी, इंडस्ट्रियल इस्टेट, राप्तीनगर, शाहपुर, दुर्गाबाड़ी व सूरजकुंड उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में करीब 18 घंटे तक आपूर्ति ठप रही। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। शुक्रवार की रात और शनिवार दोपहर तक बिजली गुल होने से लोगों के घरों की पानी की टंकी खाली हो गई। इंवर्टर बैठ गए। सुबह लोग पानी की बूंद के लिए तरस गए।
सात ट्रांसफार्मर जले, हजारों उपभोक्ता प्रभावित
मानसून के पहले बिजली निगम के अधिकारियों ने अगर ट्रांसफार्मर के रखरखाव पर काम किया होता तो शायद कटौती इतनी गंभीर समस्या नहीं बनती। पहली बारिश में ही शहर में लगे आधा दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मर फुंक गए। इसमें बक्शीपुर क्षेत्र में 400, हाल्सीगंज 400, गोरखनाथ क्षेत्र 250, नार्मल क्षेत्र 250, शेखपुर मोहल्ला 400 केवी, गीता प्रेस 400 केवीए समेत सात ट्रांसफार्मर शामिल रहे। हाल्सीगंज और गीता प्रेस का ट्रांसफार्मर शनिवार देर रात तक नहीं बदला जा सका।
ट्रांसमिशन उपकेंद्र में हुई गड़बड़ी
एफ सीआई ट्रांसमिशन उपकेंद्र के 63 एमवी ट्रांसफार्मर में शुक्रवार रात बारिश के बाद से तकनीकी खराबी आ गई। ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के करीब आधा दर्जन उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में बिजली गुल हो गई। अफ सरों ने रोस्टर के हिसाब से दूसरे ट्रांसफ ार्मर से जोड़कर आपूर्ति बहाल की।
विवि उपकेंद्र का केबल बाक्स जला
शुक्रवार की रात एक बजे विश्वविद्यालय उपकेंद्र का केबल बाक्स फुंक गया। उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में बिजली ठप हो गई। सबसे अधिक परेशानी हीरापुरी कॉलोनी के लोगों को झेलनी पड़ी। 17 घंटे की कटौती में लोग पानी की बूंद के लिए तरस गए।
दर्जनों खंभों में उतरा करंट
बारिश के बाद महानगर के विभिन्न इलाकों में बिजली के खंभों में करंट उतर गया। नौसढ़ में पासवान ढाला के सामने बिजली के खंभे में उतरे करंट से भैंस की मौत हो गई। तारामंडल के विवेकपुरम, बक्शीपुर के घासी कटरा, पुर्दिलपुर, शक्तिनगर, पथरा में लगे बिजली के खंभे में करंट उतरने से लोग परेशान रहे। सूचना के बाद बिजली कर्मचारियों ने मौके पर जाकर खामी दुरुस्त की।
अधिकारियों ने नहीं उठाए फोन
बिजली निगम के रवैये से लोगों में काफी नाराजगी नजर आई। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे राप्तीनगर के जंगल नकहा में बिजली गुल हो गई। स्थानीय निवासी राजकुमार गुप्ता ने अधिशासी अभियंता को फोन लगाकर कटौती के संबंध में जानना चाहा। लेकिन फोन नहीं उठा। ऐसे ही मोहद्दीपुर में मोनू ने भी कटौती से बारे में पूछने के लिए फोन किया तो फोन नहीं उठा।
शहर में बारिश की वजह से कई जगह फाल्ट की समस्या आई है। इससे लोगों को परेशानी हुई है। निगम की तरफ से लगातार मेंटीनेंस का काम किया जाता रहा है। सूचना मिलते ही हर संभव प्रयास कर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल कराने की कोशिश की गई।
एके सिंह, अधीक्षण अभियंता शहरी
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।