गोलघर हेलमेट जोन घोषित, नहीं पहने तो लगेगा जुर्माना
- लखनऊ के हजरतगंज की तर्ज पर गोलघर में बनाए गए नियम
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शहर के भीतर बिना हेलमेट के चलना अब भारी पड़ेगा। लखनऊ के हजरतगंज की तर्ज पर शहर को हेलमेट जोन घोषित किया गया है। इसकी शुरुआत गोलघर से की जाएगी। सोमवार को इस संबंध में वायरलेस से सूचना भी दे दी गई है। हेलमेट जोन बनाने की यातायात पुलिस ने तैयारी कर ली है। हेलमेट जोन में बिना हेलमेट प्रवेश करने पर पांच सौ रुपए का जुर्माना चुकाना पड़ेगा।
लखनऊ में आम लोगों को हेलमेट के प्रति जागरूप करने के लिए एक कोशिश की गई है। इसके तहत हेलमेट जोन घोषित किया गया। इसी तर्ज पर गोरखपुर में भी इसकी पहल की गई है। बिना हेलमेट के किसी बाइक सवार को प्रवेश की अनुमति नहीं मिल रही है। हेलमेट न पहनने पर चालान काटकर जुर्माना वसूला जा रहा है। एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा ने बताया कि हेलमेट जोन में बिना हेलमेट पहनने प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। बिना हेलमेट प्रवेश करने पर चालान काटकर जुर्माना वसूला जाएगा।