अमर उजाला और शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से रविवार को दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज सभागार में आयोजित भविष्य ज्योति विद्यार्थी सम्मान-2019 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहर के मेधावियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मेयर सीताराम जायसवाल और शारदा ग्रुप के निदेशक अमन सचदेवा ने बच्चों को प्रशस्ति पत्र, मेडल देकर सम्मानित किया।
मेयर ने बच्चों को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की सलाह दी। कहा कि मन लगाकर पढ़ें, अच्छे नंबर लाएं। कॅरियर के बारे में खुद तय करें और लक्ष्य साधकर मेहनत करते रहें। सफलता आपके कदम चूमेगी। शारदा ग्रुप के निदेशक अमन सचदेवा ने मेधावियों का उत्साह बढ़ाया। कहा कि आइना विद्यार्थियों का सबसे अच्छा दोस्त होता है। इसे अपने साथ प्रत्यक्ष रूप में न रखकर अप्रत्यक्ष रूप में रखें ताकि ये हमारी सच्चाई प्रतिबिंब करती रहे। बिना किसी दबाव में आए अपने पसंद का कॅरियर का चुने। इस अवसर पर पूर्व डिप्टी मेयर जितेंद्र सैनी, शारदा ग्रुप से विनीत श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
इनका हुआ विशेष सम्मान
विभा जायसवाल, निखत तौफी, फिजा, वारिस, सचिन, सत्यम, अनन्या, नविता, शाश्वत, शिवानी, रितिशा, नीतीश, जया, शिवांगी, अभय प्रताप, प्रतीक्षा भट्ट, शिवांगी उपाध्याय आदि को मंच पर बुलाकर मेयर ने सम्मानित किया।
मेधावी बोले
अमर उजाला की तरफ से सम्मान पाकर बहुत खुश हूं। इस सम्मान से मुझे भविष्य में और मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। एक लक्ष्य साधकर मेहनत करने की सलाह मेयर ने दी, जरूर अमल करूंगी।
दीपिका उपाध्याय, 12 वीं उत्तीर्ण, कार्मल स्कूल
जब मुझे पता चला कि अमर उजाला की ओर से सम्मानित किया जाएगा तो बहुत खुशी हुई। यहां बहुत कुछ सीखने को मिला। कॅरियर को लेकर भी यहां सीख दी गई। इस सम्मान से बहुत उत्साहित हूं।
साक्षी गुप्ता, 12वीं उत्तीर्ण, कार्मल स्कूल
सचमुच मुझे बहुत अच्छा लगा। इस आयोजन में इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। सम्मानित होकर मेरा मनोबल बढ़ा है। अच्छा लगता है कि जब खुद की मेहनत को सराहा जाए।
तान्या मेहरा, 12 वीं, उत्तीर्ण लिटिल फ्लावर स्कूल
ऐसे आयोजन में सम्मानित होना मेरे लिए गर्व की बात है। पापा-मम्मी भी बहुत खुश हैं। इससे मनोबल बढ़ा है। पूरी कोशिश करूंगी कि भविष्य में इससे बेहतर अंक ला सकूं।
शिरिन अंसारी, 12 वीं उत्तीर्ण, कार्मल स्कूल
इतने बड़े आयोजन में सम्मानित होना मेरे लिए गर्व की बात है। इससे आत्मविश्वास मेरा बढ़ा है। कक्षा 12 वीं में इससे ज्यादा अंक लाने की कोशिश करूंगा।
प्रनंजय कुमार, 10 वीं उत्तीर्ण, जीएन पब्लिक स्कूल
इतने लोगों के बीच सम्मान पाकर मेरा हौसला बढ़ा है। इससे आगे और भी मेहनत करने करूंगी। ताकि इंटरमीडिएट में बेहतर अंक आए और इसी तरह से मुझे सम्मानित किया जाए।
अतीब, 10वीं उत्तीर्ण, जीएन पब्लिक स्कूल
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।