- सामान्य से 7.3 डिग्री चढ़ा अधिकतम तापमान, 2012 में पहुंचा था 44.2
- इस महीने पांचवीं बार चली लू, आज भी नहीं मिलेगी राहत
गोरखपुर। शनिवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। पारा जून के सामान्य तापमान से 7.3 डिग्री सेंटीग्रेड चढ़कर 44 डिग्री जा पहुंचा। यह सात साल में जून का सर्वाधिक तापमान था। वातावरण शुष्क होने से पूरे दिन लू चलती रही। जून में पांचवीं बार लू की स्थिति उत्पन्न हुई। रविवार को भी इस गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
शनिवार सुबह से ही सूरज ने अपने तल्ख तेवर दिखाने शुरू कर दिए। सुबह सात बजे से ही पसीने छूटने शुरू हो गए। दिन चढ़ने के साथ ही पारा चढ़ता चला गया। इतने तापमान के बीच करीब 26 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुवा हवा चलने से जो भी घर से निकला झुलसने जैसा महसूस करने लगा। इस गर्मी का असर शहर की सड़कों पर भी देखने को मिला। ज्यादातर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि रविवार को भी इस तरह की गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। पारा 42 डिग्री से भी ज्यादा रहेगा।
19-20 को बारिश के आसार
कैलाश पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसकी वजह से 19 या 20 जून को गोरखपुर में अच्छी बारिश की संभावना है। हालांकि मानसून की पहली बारिश 24 या 25 जून को होने की उम्मीद है।
कुछ यूं रहा बीते वर्षों में जून का अधिकतम तापमान
वर्ष तापमान
2012 44.2 (16 जून)
2013 39.3 (13 जून)
2014 42.6 (06 जून)
2015 43.9 (08 जून)
2016 38.0 (12 जून)
2017 41.7 (04 जून)
2018 42.8 (21 जून)
2019 44.0 (15 जून)
एक सप्ताह में कुछ यूं चढ़ा पारा
तारीख अधिकतम न्यूनतम
9 जून 42.0 28.3
10 जून 41.6 27.0
11 जून 37.6 27.2
12 जून 37.7 28.0
13 जून 39.4 25.0
14 जून 42.5 28.0
15 जून 44.0 29.0
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।