- पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में एनएचएआई शुरू कराएगी वसूली
गोरखपुर। गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर रविवार की सुबह 8 बजे से नौतनवां के पास छपवा टोल प्लाजा पर वाहनों से टैक्स की वसूली शुरू की जाएगी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक प्रदीप श्रीवास्तव टोल की वसूली शुरू कराएंगे। इस सड़क का निर्माण एनएच की देखरेख में टीएनसी इंफ्रास्ट्रक्चर ने कराया है।
छपवा टोल का ठेका कोलकाता की फर्म टापलाइन को दिया गया है। इसका अनुबंध तीन माह के लिए किया गया है। इस कारण वहां पर जरूरी सुविधाएं नहीं हो पाई हैं। टोल पर एंबुलेंस, क्रेन के साथ अन्य सुविधाएं जरूरी हैं। लेकिन फिलहाल दोनों की कोई व्यवस्था नहीं है। हालांकि टोल पर शौचालय का निर्माण कराया गया है।
अभी अस्थायी रूप से फर्म को टैक्स वसूली की जिम्मेदारी दी गई है। इस नाते यहां पर क्रेन व एंबुलेंस की सुविधा अभी नहीं है। जब कोई स्थायी फर्म आएगी तो सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वैसे टोल पर पानी व अन्य जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। स्थानीय लोगों के लिए मासिक पास की व्यवस्था की गई है।
प्रदीप श्रीवास्तव, परियोजना प्रबंधक, एनएचएआई
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।