गोरखपुर। कृषि स्नातकों के लिए स्वरोजगार का नया द्वार खुलने जा रहा है। स्वरोजगार के लिए उन्हें सिर्फ 50 हजार रुपये लगाने होंगे। सरकार की ओर से करीब साढ़े तीन लाख रुपये का ऋण सामान्य लोन 9.5 प्रतिशत ब्याज की तुलना में चार प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा। इसका शेष पांच प्रतिशत ब्याज सरकार अनुदान के रूप में सीधे बैंक को देगी। कृषि स्नातक बेरोजगारों के लिए सरकार ने एग्रो जंक्शन ‘प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना’ शुरू की है। इसमें खाद, बीज, कृषि रक्षा रसायन बेचने का लाइसेंस नि:शुल्क दिया जाएगा। एक साल तक खाद, बीज रखने के लिए जो गोदाम लिया जाएगा,उसका एक हजार रुपये तक किराया कृषि विभाग वहन करेगा। इसके लिए आवेदन की अंतिम तारीख 15 जून है।
किसानों की आमदनी दुगुनी और बेरोजगारी दूर करने के लिए सरकार कदम उठा रही है। उसी कड़ी का हिस्सा एग्रो जंक्शन योजना भी है। योजना के अनुसार हर ब्लॉक में इस तरह की एक दुकान खोली जाएगी। सरकार का मानना है कि कृषि स्नातक खेती के बारे में बेहतर जानकारी रखते हैं। वे किसानों को भी बेहतर सुझाव दे सकते हैं। इस लिए हर ब्लॉक में एक ऐसी दुकान खोली जाएगी, जिसका संचालन कृषि स्नातक बेरोजगार करें।
चयन में अधिक उम्र वाले को प्राथमिकता
उप निदेशक कृषि डॉ. संजय सिंह ने बताया कि हर ब्लॉक में एक स्टोर इस तरह का खोला जाएगा। यदि एक से अधिक लोग आवेदन करेंगे तो जिसकी सबसे अधिक उम्र होगी, उसे मौका दिया जाएगा। कृषि विभाग के अधिकारियों का मानना है कि कम उम्र के लोगों के पास नौकरी के लिए कई अवसर होंगे। जिनकी उम्र अधिक हो गई है तो उनके लिए बाकी जगह अवसर कम होते हैं।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।