आज 26 केंद्रों पर 13 हजार विद्यार्थी देंगे परीक्षा
गोरखपुर विश्वविद्यालय की संयुक्त स्नातक प्रवेश परीक्षा
सुबह की पाली में बीए में प्रवेश के लिए होगा इम्तिहान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय की संयुक्त स्नातक प्रवेश परीक्षा में शुक्रवार को 13 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके लिए 26 केंद्र्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। मुख्य नियंता के नेतृत्व में बनी टीम सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी, जबकि उड़ाका दल औचक निरीक्षण करेगी।
विश्वविद्यालय के प्रवेश परीक्षा में शुक्रवार को होने वाली परीक्षा में ज्यादा भीड़ होगी। केंद्र व्यवस्थापकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे तक अगर कोई विद्यार्थी पहुंचता है तो उसे प्रवेश की अनुमति दी जाए। प्रवेश समन्वयक प्रो राजवंत राव ने बताया कि शुक्रवार की सुबह नौ से 11.30 बजे तक बीए प्रवेश के लिए 13060 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यह परीक्षा परिसर के 11 केंद्रों तथा शहर के 15 केंद्रों पर होगी। अपराह्न दो बजे से द्वितीय सत्र में बीएससी कृषि में प्रवेश के लिए 2827 अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं गुरुवार की सुबह के सत्र में बीबीए की प्रवेश परीक्षा में पंजीकृत कुल 529 अभ्यर्थियों में से 417 परीक्षा में शामिल हुए। 112 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अपराह्न सत्र में बीसीए की परीक्षा में कुल 782 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 153 ने परीक्षा छोड़ दी।
-
ये वस्तुएं साथ न लाएं
सादा या मुद्रित कागज, लिफाफा, क्लिप बोर्ड, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, डिजिटल डायरी, लैपटॉप, इलेक्ट्रानिक गैजेट।