शवदाह गृह के निर्माण में तेजी लाएं पंचायत सचिव : सीडीओ
विकास कार्यों को गति देने के लिए सीडीओ ने की समीक्षा बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल ने ग्राम पंचायत सचिवों व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ग्रामसभाओं में कराए जा रहे विकास कार्यों में हुई प्रगति की पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सीडीओ ने ग्राम विकास अधिकारियों को गांवों में शवदाह गृह के निर्माण के लिए जल्द से जल्द स्थल चयन करने तथा निर्माण कार्य कराने की हिदायत दी। उन्होंने ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों में भी तेजी लाने के लिए कहा। चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि लापरवाही की शिकायत मिलने पर निर्माण कार्य के लिए जारी रकम की वसूली भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में नियमित साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। अगर किसी गांव में शौचालयों के निर्माण अधूरे हैं तो निर्माण कार्य पूरा कराएं। साथ ही साफ सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराने के लिए कहा। जिन ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मी तैनात नहीं हैं वहां रोस्टर बनाकर सफाई कार्य कराने की हिदायत दी। कहा कि आवश्यकता पड़ने पर मनरेगा मजदूरों से भी सफाई कराई जा सकती है। अपर जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी को सीडीओ ने निर्देश दिया कि गांवों में विकास एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों में शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। कहा कि सभी लोग अपनी जिम्मेदारी समझें अन्यथा लापरवाही पर कार्रवाई तय है।