सिद्धार्थनगर। तेज आंधी और बारिश से बुधवार को जिले में महिला और मजदूर समेत चार लोगों की मौत हो गई। इस दौरान पांच लोग घायल भी हो गए। वहीं बदले मौसम से कई स्थानों पर पेड़ और पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बुधवार पूर्वाह्न करीब 11.00 बजे जिले में आंधी आई। यह देखकर मेडिकल कॉलेज के निर्माण में बतौर मजदूर काम कर रहे कटिहार(बिहार) जिले के अहमदाबाद थाना क्षेत्र के हाजी झाब्बा निवासी रहीम (30) पुत्र उस्मानगी, शमीम (50) पुत्र रज्जाक और बबल गांव निवासी खुशबुल (28) वहां बने टिन शेड के कमरे में घुस गए। इसी बीच तेज झोंके से एक टिनशेड उड़ा और रहीम के सिर घुस गया। इसके मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं शमीम और खुशबुल को गंभीर चोटें आईं। निर्माण करा रही संस्था के जिम्मेदारों ने पहले मामले को छिपाना चाहा। जब मजदूरों ने दबाव डाला तो घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर सदर पुलिस भी पहुंची।
शोहरतगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, चोहट्टा गांव निवासी बृजभान यादव (30) पुत्र दशरथ बुधवार को खेत की ओर गया था। उसके ऊपर बिजली गिर गई और वह झुलस गया। थोड़ी ही देर बाद उसकी मौत हो गई। ढ़ेबरुआ थाना क्षेत्र के ढ़ेबरुआ चौराहे पर दवा लेकर साइकिल से लौट रहे ढ़ेबरुआ गांव निवासी विशाल (22) पुत्र ओमप्रकाश एनएच-730 पर चौराहे के समीप पहुुंचे थे कि उनके ऊपर पेड़ गिर गया और मौके पर ही मौत हो गई। घटना में विशाल का आठ वर्षीय रिश्तेदार गोलू घायल हो गया। उसे पास अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डुमरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार, त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पेड़रा गांव निवासी बुधना (65) पत्नी साधू गांव के पश्चिम अपने धान के बेहन को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए बाग में बैठी थी। इसी बीच आंधी आई और पेड़ बुधना के ऊपर गिर गया। सूचना पर जब तक एंबुलेंस पहुंची तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर विजय कुमार दुबे ने बताया की कोई तहरीर नहीं मिली है।
बिस्कोहर प्रतिनिधि के मुताबिक, आंधी-बारिश से पुराने हनुमानगढ़ी मंदिर के सामने स्थित पं. सत्य नारायण पांडेय का मकान ढह गया और इस पर रखा टीनशेड दूर जा गिरा। घटना के वक्त वहां से भाग रहा 25 वर्षीय बेटा संतोष पांडेय गिरकर घायल हो गया।
पकड़ी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, आंधी के वक्त चिल्हिया थाना क्षेत्र के संतोरी गांव के पास पेड़ गिरने से गांव निवासी मुसई की 12 वर्षीय नातिन मनीषा घायल हो गई। उसे शोहरतगढ़ सीएचसी में भर्ती करवाया गया है। घटना के वक्त वह पेड़ के नीचे से आम बीन रही थी।