- पशुपालकों को बाजार उपलब्ध कराएगी सरकार : अनूप
- कई योजनाओं में महिलाओं व अनुसूचित जाति के लिए विशेष अनुदान
गोरखपुर। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक अनूप कुमार मिश्र ने कहा कि पशुपालकों के लिए अधिक उत्पाद व विपणन के लिए बाजार उपलब्ध कराने का विचार शासन स्तर पर चल रहा है। सरकार की मंशा है कि पशुपालकों को ऐसा प्लेटफार्म उपलब्ध कराएं जिससे उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके।
डॉ. मिश्र जिला पंचायत सभागार में प्रगतिशील पशुपालक उद्यमी एवं संबंधित कंपनियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पशुपालकों से कहा कि राज्य स्तरीय कार्यशाला के दौरान अपनी मांगों से सरकार को खुद अवगत कराएं। मुख्य चिकित्साधिकारी डी के शर्मा ने कहा कि इस तरह का पहला आयेाजन किया गया है जिसमें पशु उत्पादक, उसके रख-रखाव और उसके विपणन के लिए एक प्लेटफार्म पर सभी हित धारकों के बीच संवाद हो रहा है।
नवीन कुमार ने नाबार्ड की चल रही परियोजनाओं से सभी को अवगत कराया।
कहा कि वर्तमान में पशुपालन से संबंधित तथा पशु उत्पाद के लिए प्रयोग की जाने वाली विभिन्न प्रकार की मशीनों एवं उसके बिक्री के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं हैं। कई में तो महिलाओं और अनुसूचित जाति के लिए विशेष अनुदान दिया जा रहा है। एसबीआई के महेश कुमार गुप्ता ने केसीसी के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पहली बार सरकार पशुपालकों के लिए केसीसी उपलब्ध करा रही है। कृषि के लिए जहां तीन लाख किसानों को मिलता है वहीं पशुपालकों को दो लाख दिया जा रहा है। यदि किसान पशुपालन के साथ कृषि पालन करता है तो उसे तीन लाख का ऋण मिल सकता है। कार्यक्रम में मंडल के सभी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं उप निदेशक पशुपालन, तथा लीड बैंक के मैनेजर उपस्थित थे।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।