- बच्ची के भागने की कोशिश करने पर मासूम को कई थप्पड़ भी मारे
- आरोपी दुकानदार फरार, पहले भी कर चुका है ऐसी हरकत
झंगहा (गोरखपुर)। झंगहा इलाके के एक गांव में दुकान पर टॉफी लेने गई पांच साल की मासूम बच्ची से छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकानदार ने बच्ची से छेड़खानी की और भागने की कोशिश करने पर उसे कई थप्पड़ भी मारे। किसी तरह से चंगुल से छूटी बच्ची ने घर जाकर पूरी बात बताई। जिसके बाद मां ने पिता के आने पर शनिवार की देर शाम थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी दुकानदार राजेंद्र के खिलाफ छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी गांव छोड़कर फरार है, उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी है।
घटना शनिवार की सुबह दस बजे के करीब हुई। बच्ची गांव में ही स्थित राजेंद्र की किराने की दुकान पर टॉफी लेने गई थी। बच्ची के मां के मुताबिक घर आकर उसने बताया कि दुकानदार ने उसके शरीर पर कई जगह हाथ डाला और मना करने पर ही बुरी तरह पीटा। यह सुनते ही मां सन्न रह गई और फिर बच्ची के पिता के आने का इंतजार करने लगी। शाम में आने पर उसको पूरी बात बताई और थाने में जाकर इसकी शिकायत की। शनिवार की देर रात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और उसकी तलाश में छापा भी मारा लेकिन वह गांव छोड़कर फरार हो गया है।
दबी जुबान गांव वालों ने बताया कि इसके पहले भी वह इस तरह की हरकत कर चुका है। करीब एक साल पहले दो साल की बच्ची के साथ भी ऐसी ही हरकत की थी। तब गांव वालों ने उसकी जमकर पिटाई की थी। जिसके बाद वह गांव छोड़कर चला गया और छह महीने तक नहीं लौटा था। तब केस दर्ज नहीं कराया गया था। सीओ चौरीचौरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।