गोरखपुर। सांसद रवि किशन ने शनिवार को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से उनके घर पर मुलाकात कर लोकसभा चुनाव में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर गोरखपुर के विकास का खाका तैयार करेंगे। फिर इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रखा जाएगा।
चुनाव जीतने के बाद रवि किशन दिल्ली चले गए थे। शुक्रवार को गोरखपुर लौटे। शनिवार की सुबह उनके मोहद्दीपुर स्थित कार्यालय पर लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। उन्होंने समाधान के लिए अधिकारियों से फोन पर बात की। इसके बाद वह नगर विधायक डॉ राधामोहन दास अग्रवाल, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, शीतल पांडेय व महेंद्र पाल सिंह के आवास पर पहुंचे और लोकसभा चुनाव में सहयोग के लिए आभार जताया। विधायक फतेह बहादुर सिंह के शहर से बाहर होने के कारण उनसे नहीं मिल पाए। रवि किशन ने मेयर सीताराम जायसवाल से भी उनके घर जाकर मुलाकात की। शाम को सांसद महादेव झारखंडी पहुंचे। वहां हनुमान मंदिर के पीछे पार्क में पौधा लगाया।
चित्रगुप्त मंदिर की आरती में शामिल हुए रवि किशन
गोरखपुर। चित्रगुप्त मंदिर सभा की सामाजिक एवं राजनीतिक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित भजन संध्या एवं महाआरती में सांसद रवि किशन भी शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान सत्यव्रत लाल श्रीवास्तव, वैद्य अरुण कुमार श्रीवास्तव, उमेश श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, अतुल कुमार श्रीवास्तव, रत्नेश श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, उमा श्रीवास्तव, विष्णु शंकर श्रीवास्तव, अतुल कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य कई लोग उपस्थित थे।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।