गोरखपुर। गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर स्थित नयनसर टोल प्लाजा पर मनमानी से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रसूखदारों को छूट और आमजन से टोल टैक्स की वसूली की जा रही है। बुधवार को पूरे दिन यही खेल चला। टोल प्लाजा के कर्मचारी कमिश्नर जयंत नार्लिकर के निर्देश का हवाला देते दिखे। जो मान गया उससे वसूली की, वहीं नहीं मानने वाले घुड़की देते हुए आगे चले गए। कमिश्नर ने मंगलवार को एनएचएआई के पीडी को बुलाकर मासिक पास नहीं बन जाने तक स्थानीय लोगों से टोल टैक्स नहीं वसूलने का निर्देश दिया था।
पास बनाने की मशीन ही नहीं, पर्ची पर अधूरा ब्योरा
पीपीगंज। एनएचएआई के अफसर स्थानीय लोगों की सहूलियत के लिए मासिक पास की व्यवस्था का हवाला दे रहे जबकि टोल टैक्स वसूली शुरू होने के तीसरे दिन यानी बुधवार तक टोल प्लाजा कर्मचारियों के पास यह मशीन ही नहीं पहुंच सकी थी। यही नहीं टोल टैक्स की पर्चियों पर गाड़ी के नंबर के आगे यूपी 53 जो कि गोरखपुर की गाड़ी होने का कोड है, उसका जिक्र ही नहीं किया जा रहा।
गजट में भी स्थानीय लोगों से वसूली का प्रावधान: पीडी
एनएचएआई के परियोजना निदेशक प्रदीप श्रीवास्तव का कहना है कि स्थानीय लोगों से टोल टैक्स नहीं वसूलने के ऊपर से अभी कोई निर्देश नहीं मिले हैं। सड़क पर आए खर्च के सर्वे के बाद प्रकाशित गजट में भी स्थानीय लोगों से टोल टैक्स वसूली की जानकारी दर्ज है। कोई भी इसे जांच सकता है। टोल टैक्स वसूली के लिए टेंडर के बाद संबंधित फर्म तय की जाती है। फर्म अपने विवेक से कुछ जगहों पर स्थानीय लोगों से टोल टैक्स नहीं वसूलते। फिलहाल कमिश्नर के निर्देश पर कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय लोगों से जबरन टोल टैक्स न वसूलें।
अपनी गाड़ी से सुबह घर से गोरखपुर जा रहा था। टोल प्लाजा पर पहले 30 रुपये फिर 15 रुपये मांगे गए। कमिश्नर के निर्देश का हवाला देकर विरोध किया तो टोल कर्मियों ने बिना टोल टैक्स के जाने दिया
- दिलीप यादव, प्रधान, रामचौरा, कैंपियरगंज
काम के सिलसिले में गोरखपुर आना-जाना होता है। टोल टैक्स के 15 रुपये मांगे गए तो कमिश्नर व एनएचएआई के अफसरों के निर्देश का हवाला दिया, मगर वे माने नहीं माने।-
अवधेश पांडेय, टीचर कॉलोनी, पीपीगंज
सीएम से मिला प्रतिनिधिमंडल
टोल प्लाजा के आस-पास के प्रधानों, पूर्व प्रधानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की। उन्होंने टोल प्लाजा कर्मचारियों के इस मनमानेपन का हवाला देते हुए स्थानीय लोगों को टोल टैक्स से मुक्त रखने की सिफारिश की। बकौल प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री ने एनएचएआई के आला अफसरों को स्थानीय लोगों से वसूली रोकने का निर्देश दिया है। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रुप से ग्राम प्रधान बढ़याचौक मृत्युंजय सिंह, पूर्व प्रधान मढ़हा महेंद्र नाथ मिश्रा, पूर्व प्रधान मझौना मधुसूदन मिश्रा, हियुवा मीडिया प्रभारी अमित सिंह मोनू, दुर्गेश बजाज आदि शामिल रहे।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।