गोरखपुर। रामगढ़ताल परियोजना क्षेत्र के चंपा देवी पार्क के पास घटिया निर्माण पाए जाने पर जीडीए उपाध्यक्ष अमित सिंह बंसल के निर्देश पर मुख्य अभियंता संजय सिंह ने पुलिया ध्वस्त करा दी। कार्यदायी फर्म को कुछ दिन पहले ही नाली का घटिया निर्माण कराने पर प्राधिकरण ने कुछ दिन पहले ही काली सूची में डालने के साथ ही 20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। कार्रवाई की अनदेखी कर फर्म पुलिया का निर्माण करा रही थी।
मेसर्स बाबा कंस्ट्रक्शन द्वारा चंपा देवी पार्क के पास सीसी नाली का निर्माण कराया गया था। कुछ दिन पहले निरीक्षण के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष ने पाया कि निर्माण में कंक्रीट की जगह घटिया ईंट का इस्तेमाल किया गया था। इसपर उपाध्यक्ष ने फर्म पर आर्थिक जुर्माना लगाने के साथ ही उसे काली सूची में डलवा दिया था। उपाध्यक्ष को जानकारी हुई कि कार्रवाई के बाद भी मौके पर संबंधित फर्म द्वारा जबरन पुलिया का भी निर्माण कराया जा रहा है। इसपर उन्होंने बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता के नेतृत्व में एक टीम जांच के लिए भेजी थी। टीम ने जांच में पाया कि पुलिया का निर्माण तकरीबन पूरा हो चुका था। यही नहीं निर्माण की गुणवत्ता भी नाली की ही तरह खराब थी। इसपर टीम ने उसे ध्वस्त करा दिया।
कोर्ट जाऊंगा, करूंगा मानहानि का दावा: नरेंद्र
गोरखपुर। मेसर्स बाबा कंस्ट्रक्शन के मालिक नरेंद्र तिवारी ने जीडीए के अफसरों पर आरोप लगाते हुए कहा कि जानबूझकर उनपर यह कार्रवाई की गई है। वह इसके खिलाफ कोर्ट जाएंगे और संबंधित अफसरों पर मानहानि का केस करेंगे। उन्होंने कहा कि जब 25 मई को फर्म के काली सूची में डाले जाने संबंधी पत्र मिला। उनका कहना है कि एहतियातन उन्होंने काम रोक दिया था मगर प्राधिकरण के ही कुछ अफसरों ने उनसे काम पूरा करने को कहा और जब उन्होंने पुलिया बनाना शुरू किया तो बिना उन्हें कोई सूचना दिए उसे गिरा दिया गया।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।