गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर का नौ जिलों से कमल की पंखुड़ियों की तरह जुड़ाव है। आजमगढ़, बस्ती और गोरखपुर मंडल के जिलों के लोग ही नहीं बल्कि नेपाल और बिहार की बड़ी आबादी इलाज के लिए गोरखपुर और वाराणसी आती है। हमारी सरकार इन दोनों शहरों की स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनाने में जुटी है। इसी क्रम में जिला महिला अस्पताल के मेटरनिटी विंग और टीबी अस्पताल का लोकार्पण किया गया है।
जिला चिकित्सालय परिसर में मुख्यमंत्री ने रविवार को 50.75 करोड़ की जिन नौ परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया उससे नेपाल और बिहार तक के लोग लाभान्वित होंगे। साथ ही बीआरडी मेडिकल कॉलेज को भी मरीजों के लोड से राहत मिलेगी। आसपास के नौ जिलों के अलावा नेपाल और बिहार से आने वाले मरीजों की खातिर शहर में 100 बेड मेटरनिटी अस्पताल और 100 बेड टीबी सह सामान्य अस्पताल की सुविधा उपलब्ध हो गई है। उन्होंने मेटरनिटी अस्पताल को मां और बच्चे को स्वास्थ्य सुरक्षा देने की पहल करार दिया। कहा कि स्वस्थ मां और बच्चा देश की धरोहर होता है, यदि समय से गर्भवती मां व बच्चे का टीका लगवा दिया जाए तो दोनों ही स्वस्थ रहेंगे।
30 बेड के सीएचसी का लोकार्पण भी हुआ
मुख्यमंत्री ने 30 बेड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अराव जगदीश, उरुवा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरौली, चौरीचौरा एवं गगहा में मिनी पीआईसीयू का लोकार्पण किया। साथ ही जिला चिकित्सालय में एमआरआई सेंटर और जिला महिला चिकित्सालय एवं जिला चिकित्सालय में मॉड्युलर ओटी का शिलान्यास किया। उन्होंने जेई एवं एईएस की रोकथाम संबंधी पुस्तक और इसकी कार्य योजना संबंधी पुस्तक का विमोचन भी किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल, फतेहबहादुर सिंह, विपिन सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, संत प्रसाद, मेयर सीताराम जायसवाल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य प्रशांत त्रिवेदी, एनएचएम एमडी पंकज कुमार, कमिश्नर अमित गुप्ता, डीएम के विजयेन्द्र पाण्डियन आदि मौजूद रहे।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बढ़ रहे संसाधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पौने दो साल के दौरान बीआरडी मेडिकल कालेज में सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। फरवरी में वहां आठ सुपरस्पेशिलिटी सेवाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही 500 बेड वाला बालरोग संस्थान भी लगभग तैयार हो चुका है। वहां रिजनल वायरोलॉजी रिसर्च सेंटर का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। किसी भी विषाणुजनित बीमारी की पहचान और उसके निदान के लिए यह रिसर्च सेंटर बड़ी भूमिका निभाएगा।
सीएम ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिला महिला अस्पताल के मेटरनिटी विंग और टीबी अस्पताल के उद्घाटन के बाद परिसर का निरीक्षण किया। सीएम ने वेटिंग हाल में रखी कुर्सियों की मजबूती परखी। पंजीकरण काउंटर के पास जाकर प्रक्रिया की जानकारी ली। माइनर ओटी, प्रसूति गृह, अल्ट्रासाउंड कक्ष को भी देखा। इस दौरान उन्होंने परिसर में लगी फायर पाइप लाइन के बारे में भी पूछा। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, नगर विधायक आरएमडी अग्रवाल, विधायक कैंपियरंगज फतेह बहादुर सिंह, विधायक बांसगांव कमलेश पासवान, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी व प्रमुख सचिव स्वास्थ्य श्रीनाथ द्विवेदी आदि मौजूद रहे।