गोरखपुर। भाजपा की कमल संदेश बाइक रैली में ‘एक बार फिर मोदी सरकार’ की गूंज सुनाई दी। हाथों में झंडे लेकर पांच विधानसभा क्षेत्रों के करीब दस हजार कार्यकर्ता एमपी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचे। फिर शहरी क्षेत्र में आठ किलो मीटर की दूरी तय करके केंद्र, यूपी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। रैली का जगह-जगह स्वागत किया गया।
पांच विधानसभा क्षेत्रों के अलग-अलग बूथों से बाइक सवार कार्यकर्ता शनिवार की सुबह निकले और सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दोपहर 12 बजे एमपी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। फिर भाजपा के प्रदेश महामंत्री और नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने कमल संदेश बाइक रैली को झंडी दिखा रवाना किया। साथ ही हेलमेट लगाकर बाइक पर सवार हो गए। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए वह आगे बढ़े।
कैंपियरगंज से विधायक फतेहबहादुर सिंह, गोरखपुर ग्रामीण से विधायक विपिन सिंह, सहजनवां से विधायक शीतल पांडेय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव और भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष रणजीत राय बड़े भी बाइक रैली का हिस्सा बने। बड़े नेताओं को अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया।
सब मिशन 2019 में जीत का संकल्प दोहराते हुए शहर के अलग-अलग हिस्सों में गए। रैली एमपी इंटर कॉलेज से कचहरी चौराहा, घोष कंपनी, रेती चौक, लाल डिग्गी चौराहा, मिर्जापुर, घासी कटरा, बक्शीपुर, आर्यनगर, गंगेज चौराहा, धर्मशाला बाजार, यातायात चौराहा, काली मंदिर, चेतना तिराहा तक गई, फिर एमपी इंटर कॉलेज मैदान पर आकर खत्म हुई। इस मौके पर भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष पवन यादव, नीरज शाही, रत्नेश पांडेय, अशोक मिश्र, मंतालाल यादव, रमेश सिंह, रंजना गुप्ता, वंदना गुप्ता, कुमकुम सिंह, देवेंद्र पाल सिंह, विश्वजितांशु सिंह आशू, रमेश गुप्ता और संतोष जायसवाल मौजूद रहे।
संगठनात्मक क्षमता दिखी
कमल संदेश बाइक रैली के जरिए भाजपा ने संगठनात्मक कौशल का परिचय दिया। दरअसल, हर बूथ के कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्र में एक जगह एकत्रित हुए। फिर एक साथ एमपी इंटर कॉलेज के लिए निकल पड़े। शहर के हर हिस्से में कमल संदेश बाइक रैली दिखी। भाजपा का झंडा, बैनर और पोस्टर लगा मिला। भाजपा ने रैली को एतिहासिक बताया। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मिशन 2019 की तैयारी के लिहाज से यह पहला कार्यक्रम था। एक से 15 दिसंबर के बीच पदयात्रा होगी। 150-150 की संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता रोजाना 10 किलोमीटर की दूरी तय करके जनता को केंद्र, यूपी सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।
रैली में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा
चेंबर ऑफ ट्रेडर्स साहबगंज की ओर से मिर्जापुर चौराहे पर कमल संदेश बाइक रैली का स्वागत करने के अलावा पुष्पवर्षा भी हुई। इस दौरान चेंबर ऑफ ट्रेडर्स साहबगंज के कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेश अग्रहरि, महामंत्री कमलेश अग्रवाल, श्रीचंद बंसल, अशोक जालान, राकेश गुप्ता, सुधीर केसरवानी, संतोष सिंघानिया, दिनेश अग्रवाल, प्रवीण गुप्ता, अभिषेक अग्रवाल, कृष्ण गोपाल गुप्ता, राकेश अग्रवाल आदि शामिल रहे। दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष योगेंद्र नाथ दुबे और महामंत्री आलोक चौरसिया ने भी बाइक रैली का स्वागत किया।
गोरखपुर क्षेत्र के 13 लोकसभा क्षेत्रों में निकाली गई रैली
गोरखपुर के साथ ही परिक्षेत्र के 12 अन्य लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा की कमल संदेश बाइक रैली निकाली गई। बांसगांव संसदीय क्षेत्र की बाइक रैली कौड़ीराम से निकली। सांसद कमलेश पासवान और जिला प्रभारी सहजानंद राय ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। संतकबीरनगर, बस्ती, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, बलिया, मऊ के लोकसभा क्षेत्रों में भी रैली निकाली गई। प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में रैली को झंडी दिखाई।