‘उद्यमिता का मूलमंत्र जुनून’
एमएमएमयूटी में ‘टेड एक्स गोरखनाथ’ कार्यक्रम में बदलाव के संवाहकों ने साझा किए अनुभव
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में पहली बार ‘टेड एक्स गोरखनाथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न क्षेत्र में कार्य रहे पांच विशेषज्ञों ने समाज में बदलाव के विचार विद्यार्थियों से साझा किए और उन्हें मार्गदर्शन दिया। वक्ताओं ने कहा कि मांग के हिसाब से प्रतिभाएं तैयार करें। उद्यमिता के लिए एक खास तरह का जुनून होना चाहिए। यह अंतरात्मा से पैदा होता है। शिक्षा की तकनीकी में बदलाव की भी जरूरत है।
विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट हाल में कुलपति प्रो एसएन सिंह व शिक्षकों की मौजूदगी में शशि पाठक ने कार्यक्रम की शुरुआत करते प्रस्ताविकी रखी। देव गढ़वी ने जुनून को उद्यमिता का मूलमंत्र बताया। शरद कुमार ने 21 वीं सदी की कार्यशैली एवं तरक्की को रेखांकित किया। प्रसिद्ध विचारक राकेश दूबे ने आज के भारत और समाज को बराबरी की भागीदारी के बारे में चर्चा की। बिहार के अलग-अलग गांवों में 400 गरीब बच्चों को बेहतर तालीम देने का जिम्मा उठाने वाले सूर्य प्रकाश राय ने अपने अनुभवों को साझा किया। अमर तुल्स्यान ने संपूर्ण स्वच्छता उत्पाद के द्वारा जन कल्याण में किए गए अनुभव को बताया और इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन शशि पाठक ने किया। आयोजन में डॉ बृजेश कुमार, अर्चना पाठक, ऋषि त्रिपाठी, एकांश बाजपेई, तन्मय श्रीवास्तव, सौरभ राय, आशीष श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।