पाली (गोरखपुर)। सहजनवां थाना क्षेत्र के सेदुणा गांव में रुपए के लेन- देन को लेकर रिटायर्ड सैनिक के बेटे की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। आरोप गांव के ही तीन युवकों पर है । हत्या की सूचना पाते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है , मगर वह घर छोड़कर फरार हैं। तनाव को देखते हुए गांव में एहतियातन फोर्स लगा दी गई है।
सेना से रिटायर सैनिक समीम का बेटा उसमान बाहर रहकर कमाता था मगर कुछ महीने पहले घर लौट आया था। मां के मुताबिक उसने गांव के 11 लोगों को बेंगलुरु कमाने भेजा था। गांव के ही रामजी भी उन में से एक थे। उसमान गांव के ही रामजी से पिछले कुछ दिनों से रुपए की मांग कर रहा था, जो बेंगलुरु भेजने के लिए तय हुआ था। मगर राम जी रुपए नहीं देना चाहते थे ।इसी बात को लेकर दोनों में तनातनी चल रही थी। एक हफ्ते पहले मामला घघशरा चौकी पर गया था। पुलिस ने दोनों पक्ष को बुलाया था लेकिन रामजी चौकी नहीं गए थे। बुधवार की रात 8.00 बजे के करीब उसमान घर पर बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान रामजी, गुड्डू और बबलू धारदार हथियार लेकर आए और पीछे से उसमान के गर्दन पर वार कर दिया। खून से लहूलुहान उस्मान का शोर सुनकर घरवाले दौड़े और इलाज के लिए सहजनवा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां कुछ देर में ही उसकी मौत हो गई । घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है।
गर्भवती है उसमान की पत्नी
मृतक उसमान की पत्नी पिंकी वर्तमान में गर्भवती है। उनका एक सात वर्ष का बेटा साहिल है। उसमान पांच भाईयों में सबसे बड़ा था। उसमान की मौत के बाद उसकी पत्नी रोरो कर बेहोश हो जा रही हैं।