गोरखपुर। बरौनी से नई दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस की एक बोगी में एसी फेल हो जाने पर गर्मी से परेशान यात्रियों ने गोरखपुर पहुंचकर हंगामा किया। स्टेशन प्रबंधन को जानकारी हुई तो एसी ठीक कराया गया। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई। हंगामे और मरम्मत के चलते ट्रेन लगभग 45 मिनट तक खड़ी रही।
शाम पांच बजे जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी, वातानुकूलित एसी थर्ड टियर कोच के बी टू में सवार यात्री हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि वे छपरा स्टेशन से ही शिकायत कर रहे हैं लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो हुई। भीषण गर्मी में कोच के अंदर बैठना मुश्किल हो रहा है। बच्चे बेहाल हैं।
यहां भी यात्रियों की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन रवाना कर दी गई, लेकिन ट्रेन जैसे ही बढ़ी, यात्रियों ने चेन पुलिंग कर उसे रोक दिया। इसके बाद वे प्लेटफार्म पर उतरकर हंगामा करने लगे। इसके बाद इसकी जानकारी स्टेशन प्रबंधन, कंट्रोल और संबंधित विभाग को दी गई। संबंधित इंजीनियर और रेलकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसी ठीक हुआ तो ट्रेन आगे बढ़ी।