फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नमाज पढ़ी, गले मिले और बोले ईद मुबारक

Sun, 17 Jun 2018 01:35 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
हजरत मुबारक खां शहीद की दरगाह पर ईद की नमाज अदा की गई।
विज्ञापन
गोरखपुर। चांद रात की रौनक और ईद के इंतजार ने सोने न दिया। पूरी रात बाजारों में चहल-पहल रही, खूब खरीदारी हुई। सुबह हुई तो क्या बड़े और क्या बच्चे। सभी तैयार हुए, इत्र लगाया और ईदगाह की ओर निकल पड़े। सूरज और बादलों की लुकाछिपी कभी सुकून दे रही थी तो कभी तपिश। ऐसे ही माहौल नमाज शुरू हुई। नमाजियों ने देश और परिवार में अमन-चैन की दुआ मांगी।
विज्ञापन


शनिवार को तय समय पर शहर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में ईद उल फि त्र की नमाज अकीदत व एहतराम के साथ अदा की गई। नमाज के बाद इमाम ने खुत्बा पढ़ा। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगा ईद की मुबारकबाद दी। बच्चे बड़ों से मिलने वाली ईदी को लेकर काफी उत्सुक दिखे। खुश हुए, अपने मन की चीजें खरीदीं। ईदगाह और मस्जिदों के पास मेले लगे रहे। यह माहौल कुछ-कुछ कतील शिफाई के इस शे’र जैसा संदेश दे रहा था-‘गमों को दिल से भुलाओ कि ईद का दिन है/खुशी से बज्म सजाओ कि ईद का दिन है।’

कब बीता दिन पता ही न चला

खुदा की इबादत का फैज लेकर लोग घर लौटे तो मेहमाननवाजी का दौर शुरू हुआ। सेंवई की मिठास से फजां को तर थी। तरह-तरह के व्यंजनों से आने वालों की आवभगत हुई। खुशी के इस माहौल में दिन कब गुजर गया, पता ही न चला। लोग एक दूसरे के घर आते रहे जाते रहे और खुशियों का पैगाम बांटते रहे।

यहां पढ़ी गई ईद की नमाज

नार्मल स्थित ईदगाह मुबारक खां शहीद के इमाम व खतीब हजरत मौलाना फैजुल्लाह कादरी, ईदगाह फ तेहपुर मेडिकल कालेज में मौलाना फ खरुद्दीन, मस्जिद शेख झाऊं, साहबगंज में कारी नसीमुल्लाह, गौसिया मस्जिद छोटे काजीपुर में मौलाना मोहम्मद अहमद, नूरी मस्जिद तुर्कमानपुर में मौलाना असलम रजवी, मस्जिद सुभानिया तकिया कवलदह में मौलाना जहांगीर अहमद अजीजी, रसूलपुर जामा मस्जिद में मौलाना शादाब आलम, ईदगाह चिलमापुर में मुफ्ती वलीउल्लाह, अहमदी सुन्नी जामा मस्जिद सौदागर मोहल्ला बसंतपुर में कारी मोहसिन बरकाती, ईदगाह इमामबाड़ा स्टेट में मुफ्ती मतीउर्रहमान ने तकरीर पेश की और ईद की नमाज पढ़ाई। अन्य ईदगाहों व मस्जिदों में उलेमा ने तकरीर की और नमाज अदा कराई।

गरीबों में बांटी जकात

नमाज से पहले लोगों ने सदका निकाला। ईदगाहों व मस्जिदों के बाहर गरीबों में इसे बांटा। महिलाओं ने सुबह घर पर नमाज अदा की। फिर मुबारकबाद देने आए मेहमानों की नवाजिश में जुट गईं। खुद भी शाम को रिश्तेदारों और पड़ोसियों के घर ईद की बधाई देने गईं।

सोशल मीडिया पर बधाई, दरगाहों पर जियारत

व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि सोशल साइट्स पर ईद की बधाई का सिलसिला शुक्रवार से ही शुरू हो गया था। शनिवार को भी यह क्रम जारी रहा। दरगाहों पर जियारत भी खूब हुई। हजरत मुबारक खां शहीद दरगाह, नक्को शाह बाबा सहित तमाम आस्तानों पर जायरीन का तांता लगा रहा। इसी तरह बुर्जुगों की कब्र पर फातिहा पढ़ने भी लोग पहुंचे। उनके मगफिरत की दुआ की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें