गोरखपुर।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने मंगलवार को आयुक्त सभागार में निर्वाचन कार्यों की समीक्षा की। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में उन्होंने युवाओं को वोटर बनाने पर जोर देने के साथ ही सर्विस वोटरों को भी मतदान करने के लिए जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी ओर कॉलेजों में पढ़ने वाले युवाओं को वोटर बनाने के लिए वहां नोडल अफसर तैनात किए जाएं। ये नोडल अफसर संबंधित यूनिवर्सिटी-कालेज के साथ ही प्रशासनिक अफसर भी हो सकते हैं।
उन्होंने मतदेय स्थलों के संभाजन, मतदाता सूची की प्रगति, वीवी पैट के भंडारण एवं जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुये निर्देश दिया कि मतदेय स्थलों के संभाजन के समय मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। कहा कि आनलाइन आवेदनों के जो भी लंबित मामले हैं उसे जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए। बैठक के दौरान उन्होंने आनलाइन फ ीडिंग की भी समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता के लिए अभी और कार्य करने की जरूरत है। बैठक के दौरान कमिश्नर अनिल कुमार, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी रत्नेश सिंह, मंडलायुक्त आजमगढ़ के. रवींद्र नायक, डीएम राजीव रौतेला, डीएम देवरिया सुजीत कुमार, डीएम कुशीनगर आंद्रे वामसी, डीएम महराजगंज वीके सिंह, डीएम मऊ ऋषिरेंद्र कुमार, एडीएम (प्रशासन) प्रभुनाथ सहित विभिन्न जिलों के डीएम समेत निर्वाचन कार्य से जुड़े कई अफसर मौजूद रहे।