गोरखपुर।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत कम होने के बावजूद डीजल पेट्रोल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके उपरांत सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर डीजल पेट्रोल की कीमतों पर अंकुश लगाने की मांग की।
सोमवार को जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल के नेतृत्व में कांग्रेसी कचहरी चौराहे पर इकट्ठा हुए। वहां से केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर निगम स्थित लक्ष्मी बाई पार्क पहुंचे। इस दौरान डॉ. जमाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने महंगाई पर अंकुश लगाने का वादा किया था, लेकिन वो डीजल पेट्रोल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी करती जा रही है। इससे महंगाई आसमान छूती जा रही हैं। जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बहुत कम है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों के हिसाब से डीजल और पेट्रोल की बिक्री की जाए तो पेट्रोल 50 रुपये से कम और डीजल 40 रुपये से कम कीमत पर बिकेगा। सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में इनकी कीमतों पर लगाम लगाने और अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार कम करने की मांग की गई। इस दौरान डॉ. प्रदीप पांडेय, गोरखलाल श्रीवास्तव, देवेंद्र निषाद, अल्ताफ हुसैन, दिनेश चंद्र श्रीवास्तव, उमेश खन्ना, मदन त्रिपाठी, त्रिवेणी गांधी, संतोष प्रताप सिंह, बृज नारायण शर्मा आदि मौजूद थे।