गोरखपुर।
बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन में रविवार को छुट्टी के दिन भी चहल-पहल रही। प्राचार्य दफ्तर आए और पूरे दिन फाइलों में उलझे रहे। कभी मातहतों को बुलाकर जरूरी निर्देश दिया तो कभी कोई फाइल मंगवाई। विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि पूरे दिन अस्पताल की दवाओं का ब्यौरा तैयार किया जाता रहा।
मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में दवाओं का पूरा ब्यौरा महानिदेशक चिकित्सा-स्वास्थ्य डॉ. पद्माकर सिंह ने शनिवार को तलब किया था। इस संबंध में शासन की ओर से शनिवार को प्राचार्य कार्यालय को पत्र भेजा गया था। इसमें पूछा गया है कि नेहरू अस्पताल में दवाएं किस प्रक्रिया के तहत खरीदी जा रही हैं। इसके अलावा अस्पताल में मौजूद दवाओं में से कितनी रेट कांट्रेक्ट के तहत खरीदी गई हैं। किन-किन विभागों में दवाओं की सूची चस्पा है, अस्पताल में कौन सी दवाएं मौजूद हैं, दवाओं के वितरण का क्या तरीका है आदि सवाल भी पूछे गए हैं। रविवार को पूरे दिन दवाओं का ब्यौरा जुटाकर रिपोर्ट बनाने का काम चलता रहा। प्राचार्य ने सारे रिकॉर्ड अपनी निगरानी में इकट्ठा कराए। शाम को रिपोर्ट तैयार करके शासन को भेजी गई।
सीएम के आगे रखी जाएगी रिपोर्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य महकमे की समीक्षा करेंगे। इसमें महिला अस्पताल, जिला अस्पताल समेत मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था की भी समीक्षा होगी। यूं तो इसमें पूरे सूबे की व्यवस्था की समीक्षा होगी, लेकिन सूत्रों की माने तो जोर बीआरडी मेडिकल कॉलेज पर होगा।