सहजनवां/पिपराइच (गोरखपुर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव नेे शनिवार को कहा कि तमाम अपराधी भाजपा में मजे मार रहे हैं। इससे मन नहीं भरा तो बिहार के सबसे बड़े अपराधी को पार्टी में शामिल करा लिया। ऐसे में चौकीदार और ठोकीदार दोनों को हटाना जरूरी है।
गोरखपुर सदर संसदीय सीट के सपा प्रत्याशी रामभुआल निषाद के पक्ष में पिपराइच के जीतपुर और सहजनवां के मुरारी इंटर कॉलेज में जनसभा में अखिलेश केंद्र के बजाए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार पर ज्यादा हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों के प्रति ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बदनाम करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी मगर समझना होगा कि सरकारें तो आती-जाती हैं। जो अफसर कल टाेंटी तलाश रहे थे वे सत्ता बदलने पर चिलम खोजेंगे। सभी को पता है कि चिलम में क्या भरा जाता है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान है। नोटबंदी ने कारोबार, जीएसटी ने व्यापार चौपट कर दिया। यही वजह है कि छठे चरण तक भाजपा प्रदेश से साफ हो चुकी है, सातवें चरण में वह जमीन में पहुंच जाएगी।
भाजपा से प्रसाद मिला तो पूरे समाज को छल लिया
पिपराइच के जीतपुर में जनसभा के दौरान अपने 50 मिनट के भाषण में अखिलेश ने गठबंधन से अलग होकर भाजपा में शामिल होने वाले निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि चोटिल होकर संजय निषाद मंदिर गए और वहां से उन्हें ना जाने कौन सा ऐसा प्रसाद मिल गया जिसके चलते उन्होंने उस गठबंधन का साथ छोड़ दिया जिसने निषाद समाज के एक लड़के को संसद तक पहुंचाया था। सपा और बसपा के लोगों का साथ ही था कि गोरखपुर में पहली बार भाजपा के खिलाफ ऐतिहासिक जीत मिली थी। उसी प्रसाद की वजह से उन्होंने पूरे निषाद समाज के साथ छल किया। आरक्षण की मांग करते-करते संजय निषाद आरक्षण का विरोध करने वालों से जा मिले। उन्होंने सपा नेता अमरेंद्र को भी नहीं छोड़ा। कहा कि ऐसे ही किसी प्रसाद के चक्कर में अमरेंद्र भी उनसे जा मिले मगर भला हो उन्हें जल्द समझ आ गई और वे सपा में लौट आए। अंत में उन्होंने टाइम्स पत्रिका की खबर का जिक्र करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी से सभी को खतरा बताया। यह भी कहा कि बड़ी-बड़ी बात करने वाले भाजपा नेता एक बर्खास्त जवान से घबरा गई।
सरकार बनी तो तीन हजार रुपये की समाजवादी पेंशन देंगे
सहजनवां में जनसभा के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में गरीब लोगों को समाजवादी पेंशन दी जाती थी लेकिन भाजपा की सरकार बनते ही उसे बंद कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि हमारी सरकार बनी तो गरीबों को हर महीने पांच सौ की जगह तीन हजार रुपये की समाजवादी पेंशन दी जाएगी। हमारी सरकार ने 102, 108 एंबुलेंस की व्यवस्था की थी ताकि लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। 100 पुलिस की व्यवस्था भी मगर अब सब कुछ खराब हो गया। सपा सरकार में मेडिकल कालेज को पांच सौ बेड दिया था। जिसे अभी शुरू नही किया जा सका है। कहा कि हमारी सरकार बनी तो गैस सिलेंडर के दाम आधे होंगे।
ये रहे मौजूद
दोनों जनसभाओं के दौरान जिलाध्यक्ष प्रह्लाद यादव, महानगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम, एमएलसी सन्तोष यादव उर्फ सन्नी , डॉ मोहसिन खान, संजय लाठ, पूर्व विधायक यशपाल सिंह रावत, देवनारायन उर्फ जीएम सिंह, विजय बहादुर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष गीतांजलि यादव, राजमति निषाद, अमरेंद्र निषाद, जगदीश यादव, अवधेश यादव, मनुरोजन यादव, रामनगीना भारती, रामनाथ यादव, गिरीश यादव, जफ र अमीन डक्कू, रमाशंकर विद्यार्थी, मनोज यादव, दिलीप यादव, वीरेंद्र यादव, सुमन पासवान सहित सपा और बसपा के कई नेता मौजूद रहे।
चर्चा में रहा भगवाधारी
पिपराइच और सहजनवां की जनसभा में अखिलेश यादव के साथ पहुंचा एक भगवाधारी खूब चर्चा में रहा। अखिलेश ने भी अपने भाषण के दौरान उसे असली और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नकली बताया।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।