गोरखपुर। कला, साहित्य या फिर खेलकूद, आप जिनके भी तलबगार हैं, गोरखपुर महोत्सव के मंच पर 11 से 13 जनवरी तक आपको मनोरंजन का फुल पैकेज मिलेगा। हजारों की संख्या में एक साथ विभिन्न स्कूलों के बच्चे ड्राइंग शीट पर अपनी कल्पना को उकेरते दिखेंगे तो वहीं योग के माध्यम से दूसरों को भी स्वस्थ रहने का संदेश देंगे। कभी नृत्य की प्रतियोगिता होगी तो कभी गीत की। रोमांच पसंद करने वाले रामगढ़ताल किनारे आसमान में पैराग्लाइडिंग करते दिखेंगे तो जमीन पर खिलाड़ी फुटबाल, वॉलीबाल, कबड्डी, कुश्ती, शूटिंग में हाथ आजमाते। महिलाओं की सशक्त भागीदारी के लिए भी महोत्सव में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। एक मिनट में ज्यादा से ज्यादा गोलगप्पे खाकर पुरस्कार तो जीते ही जा सकेंगे, जायके का भी लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।
बुधवार को महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष व कमिश्नर अमित गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान तीन दिनों तक गोरखपुर यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाले महोत्सव के कार्यक्रमों को साझा किया। कमिश्नर ने बताया कि सुखविंदर सिंह और मोहित चौहान बॉलीवुड नाइट, शारदा सिन्हा भोजपुरी नाइट तो सुरेश वाडेकर भजन की महफिल सजाएंगे। पिछले साल की तुलना में इस बार महोत्सव में 68 की जगह 98 स्थानीय लोक कलाकारों को मंच साझा करने का मौका मिलेगा। बच्चों को बाल फिल्में दिखाई जाएंगी। प्रेस कांफ्रेंस में डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे।
विवेकानंद, गुरु गोरक्षनाथ पर चित्र प्रदर्शनी
महोत्सव के दौरान 11 से 17 जनवरी तक यूनिवर्सिटी में स्वामी विवेकानंद व महायोगी गुरु गोरक्षनाथ के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। साथ ही प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को जनमानस तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के द्वारा भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यही नहीं 17 जनवरी तक व्यवसायिक स्टॉल, फूड स्टॉल, सरस मेला, पुस्तक मेला, गेम जोन भी रहेगा।
शिल्प मेले में दिखेगी कई प्रांतों की कला
यूनिवर्सिटी में ही 11 से 17 जनवरी तक शिल्प मेले का भी आयोजन होगा। इसमें विभिन्न प्रांतों की कला की झलक दिखाई पड़ेगी। शिल्प मेले में 100 स्टॉल लगेंगे जिसमें दूसरे प्रांतों के शिल्पियों के लिए 60 से 70 स्टॉल होंगे। ये स्टॉल राजस्थान, पंजाब, गुजरात, दिल्ली, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड एवं हरियाणा आदि क्षेत्रों से संबंधित कला, शिल्प और व्यंजन के होंगे।
महिलाओं के लिए अलग गैलरी, कुर्सियों पर नंबर
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि महोत्सव के दौरान मुख्य मंच के इर्द-गिर्द सुरक्षा का कड़ा पहरा रहेगा। महिलाओं के लिए अलग गैलरी रहेगी। जो भी पास जारी किए जाएंगे उसी के मुताबिक कुर्सियां लगी होंगी। कुर्सियों और पास पर नंबर भी रहेगा। एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता ने कहा कि महोत्सव में पहली बार बेस्ट टेंपो चालक प्रतिस्पर्धा का भी आयोजन होगा। इसमें सबसे बेहतर तीन टेंपो चालकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।