गोरखपुर। ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को अब घर तक पहुंचने के लिए टैक्सी व ऑटो के लिए भटकने की जरूरत नहीं है। स्टेशन से ही उन्हें रेडियो टैक्सी मिल जाएगी। गोरखपुर के अलावा लखनऊ जंक्शन, बादशाहनगर और गोमतीनगर से अगले महीने से रेडियो टैक्सियां चलने लगेंगी। शुल्क भी किफायती होगा। गोरखपुर से 20, लखनऊ जंक्शन से 10, बादशाहनगर व गोमतीनगर रेलवे स्टेशन से पांच-पांच रेडियो टैक्सियां चलाने की योजना है।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक एमपी सिंह ने बताया कि टैक्सियों के संचालन का अधिकार आईआरसीटीसी को सौंपने की तैयारी है ताकि टिकट बुक कराते समय ही टैक्सी बुक कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सके। अगले महीने से सुविधा शुरू करने का प्रयास है।
सुरक्षित होगा सफर
इन रेडियो टैक्सियों से सफर करना यात्रियों के लिए सुरक्षित होगा। गाड़ी मालिक, ड्राइवर का मोबाइल नंबर, पता आरपीएफ और जीआरपी के पास दर्ज रहेगा। रेडियो टैक्सियां 24 घंटे परिसर में उपलब्ध रहेंगी।