गोरखपुर। एक दिन में रिकार्ड पौधरोपण की शुरूआत पंद्रह अगस्त के मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से की। हालांकि, पूर्व सूचना नहीं दे पाने की वजह से इसे रिकार्ड के तौर पर दर्ज नहीं किया जा सका।
पूरे प्रदेश में सरकार की ओर से 9.30 करोड़ पौधों को लगाने की बात कही जा रही है। जिले में ही वन विभाग के अलावा अन्य विभागों की तरफ से 17 लाख पौधे लगाए गए। इसमें महाराजगंज के भी कुछ हिस्से शामिल हैं।
मंगलवार को वन विभाग के अलावा अन्य 26 सरकारी संस्थानों की तरफ से कुसम्ही जंगल रामगढ़ के तीनकोनिया रेंज में पौधरोपण किया गया। अन्य विभाग 12.49 लाख पौधे लगाए। वन विभाग ने 4.50 लाख पौधे लगाए।
इस अभियान में युवा, किसान और आम लोगों को भी जोड़ा गया। मुख्यमंत्री ने इस मुहिम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जुड़ने की अपील की। इससे पहले सपा की सरकार के दौरान एक दिन में पांच करोड़ पौधे लगाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में उसे दर्ज कराया था।
पौधरोपण कर सेल्फी खींचे, पुरस्कार पाएं
सरकार ने पौधरोपण के साथ ही सेल्फी विद ग्रीन यूपी अभियान की शुरूआत भी की है। इसमें पौधे लगाने के बाद सेल्फी लेकर वन विभाग को भेजना है। सरकार हर जिले से 10 चयनित लोगों को पुरस्कार भी देगी। साथ ही सभी आने वाली सेल्फी में सबसे अच्छे 50 लोगों की सेल्फी चुन उन्हें प्रदेश स्तर पर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।