ऑडिशन में कई स्कूलों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
- फोटो : Amar Ujala
गोरखपुर महोत्सव को यादगार बनाने की तैयारियाें में महोत्सव समिति जुटी हुई है। 11 से 13 जनवरी तक गोरखपुर यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में होने वाले महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए 61 स्कूलों के विद्यार्थी नृत्य और गीत पेश कर समारोह में रंग भरेंगे। बुधवार को प्रतिभागियों के चयन के लिए स्टेपिंग स्टोल स्कूल में ऑडिशन हुआ, जहां शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक के स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न बाधाओं को पारकर 35 स्कूल नृत्य और 26 स्कूल गीतों की प्रस्तुति के लिए चुने गए। प्रतिभागियों के जोश और उत्साह को देखकर निर्णायक भी उनके मुरीद हो गए।
ऑडिशन के दौरान महोत्सव समिति के अध्यक्ष कमिश्नर अनिल कुमार और सह आयुक्त नेहा प्रकाश भी मौजूद रहीं। इस दौरान प्रतिभागियों ने नृत्य और गायन की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पूरे ऑडिशन के दौरान देशभक्ति के गाने गूंजते रहे। जल्द ही ऑडिशन का विस्तृत ब्यौरा गोरखपुर महोत्सव की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। प्रधानाचार्य अपनीत गुप्ता ने ऑडिशन में भाग लेने वाले विद्यालयों के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। गीत के लिए हुए ऑडिशन के मुख्य निर्णायक डॉ. शरद मणि त्रिपाठी, मिथिलेश तिवारी रहे, वहीं नृत्य के ऑडिशन की निर्णायिका स्मृति दत्ता, शांभवी तिवारी रहीं।