कोतवाली इलाके के तरंग क्रॉसिंग के पास स्थित मतदान केंद्र से पांच महिलाओं को फर्जी मतदान के करने के आरोप में पकड़ा गया। पुलिस की पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि उन्हें किसी अनूप नाम के शख्स ने लाया था। देर रात तक महिलाएं थाने में बैठाई गई थीं, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ था।
बुधवार की सुबह आठ बजे के करीब तरंग क्रॉसिंग के पास स्थित एक स्कूल में मतदान चल रहा था। इसी दौरान पांच महिलाएं एक साथ आईं और लाइन में वोटर पर्ची लेकर खड़ी हो गईं। इसी बीच एक प्रत्याशी के समर्थक को उन पर शक हो गया और उसने आपत्ति जताई और पर्ची के बारे में जानकारी ली तो कुछ नहीं बता सकीं। इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया। इस पर जुटे लोगों ने महिलाओं को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच पहुंची कोतवाली पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने लाई। पांचों ग्रामीण इलाके की रहने वाली हैं।
सीओ कोतवाली तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि फर्जी वोटिंग के आरोप में लोगों ने पुलिस के हवाले किया है। पीठासीन अधिकारी की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है।