गोरखपुर। स्टेयर स्कूल की ओर से महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में शनिवार को अंडर-17 जनपदीय फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें पहले मैच में सरमाउंट पब्लिक स्कूल टाई ब्रेकर में तो दूसरे मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल पेनाल्टी किक से विजेता बने।
उद्घाटन मैच सरमाउंट पब्लिक स्कूल और नवल्स एकेडमी के बीच हुआ। दोनों टीमें 2-2 गोल की बराबरी रहीं। फिर टाई ब्रेकर के जरिए सरमाउंट पब्लिक स्कूल ने नवल्स को 5-4 से हरा दिया। मैच के फर्स्ट हाफ में सरमाउंट की ओर से मानवेंद्र तथा इशाना सिंह ने 18वें और 19वें मिनट में गोल दागे और 2-0 से बढ़त बना ली थी। सेकेंड हाफ में नवल्स एकेडमी के विवेक और अमन ने पलटवार करते हुए 28वें और 35वें मिनट पर गोल कर स्कोर 2-2 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद टाई ब्रेकर से मैच का नतीजा निकाला गया। दूसरे मैच में जयपाली देवी इंटर कॉलेज ने मंजीत, सूरज, सूरी और इरफान के गोल की मदद से सेंट जूड्स स्कूल को 4-0 से हराया। तीसरे मैच में आरएसएम स्कूल ने सुमन सिंह, गौरव यादव और विश्वजीत के 1-1 कर 3-0 से सेंट्रल हिंदू एकेडमी को शिकस्त दी। चौथे मैच में पेनाल्टी किक के मिले अवसर पर आर्मी पब्लिक स्कूल के राहुल ने गोल करके 1-0 से नार्थ इंडिया स्कूल को हराया।
इसके अलावा चार मैच सेंट एंड्रयूज इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य प्रो. जेके लाल की अध्यक्षता में हुए। पहले मैच में एलएफएस चरगांवा ने रफी अहमद किदवई स्कूल को 4-2 से हराया। दूसरे मैच में गौतम बुद्धा इंटर कॉलेज ने एकतरफा 6-0 से संस्कृति पब्लिक स्कूल को मात दी। तीसरे मैच में एयरफोर्स स्कूल टाई ब्रेकर का लाभ उठाकर 4-1 से नेता जी डिफेंस स्कूल पर जीत दर्ज की। चौथे मैच में मेट्रो पोलिटन स्कूल ने कृष्णा एकेडमी को 1-0 से शिकस्त दी।