गोरखपुर।
खोराबार इलाके में कच्ची शराब को लेकर हुई झरवा के नेबूलाल की हत्या मामले में आजाद नगर चौकी इंचार्ज संजय सिंह पर गाज गिर गई। शुक्रवार को एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने उन्हें सस्पेंड कर दिया। अभी उनकी जगह किसी की तैनाती नहीं की गई है। सीओ कैंट चारु निगम ने हत्या के बाद दबिश देकर भारी मात्रा में कच्ची शराब और लहन नष्ट कराया था। उन्होंने इसकी रिपोर्ट एसएसपी को दी थी।
11 जुलाई की रात कच्ची शराब के अड्डे पर शराब पीने के दौरान हुए विवाद में नेबूलाल की सम्पत ने अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद इलाके में कच्ची शराब बिकने की भी पोल खुली थी। सीओ की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है। नए एसएसपी के तेवर से महकमे में हड़कंप है। चौकी इंचार्ज और थानेदार अपने-अपने इलाके में शराब का धंधा बंद कराने के लिए दबिश देने लगे हैं।