गोरखपुर। पद के पुनर्निर्धारण के साथ ही वेतन और संसाधन बढ़ाने आदि मांगों को लेकर वाणिज्य कर विभाग के अफसरों ने बुधवार को फिर प्रदर्शन किया। अफसरों ने कामकाज ठप कर विरोध जताया। हालांकि उनका कहना है कि जीएसटी को लेकर उनका कोई विरोध नहीं है। इसे लेकर वे पूरा सहयोग कर रहे हैं और आगे भी करेंगे। व्यापारियों को कोई दिक्कत न हो, इसलिए उनके विरोध का असर जीएसटी पर नहीं पड़ेगा।
अफसरों का कहना है कि केंद्र की तुलना में उनके विभाग में संसाधनों की काफी कमी है। केंद्र के अफसरों की तुलना में उन्हें कई गुना अधिक काम करना पड़ता है। जीएसटी की वजह से काम का लोड काफी बढ़ गया है। विभागीय कामों के साथ ही साथ उनके कंधों पर जीएसटी का प्रचार-प्रसार और उससे जुड़ी दिक्कतों का निस्तारण करने की भी जिम्मेदारी है।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में एडिशनल कमिश्नर विजय कुमार, एडिशनल कमिश्नर ग्रेड 2 ओपी सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर कैप्टन अनिल चतुर्वेदी, ज्वाइंट कमिश्नर ओपी सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर रामकेश्वर, ज्वाइंट कमिश्नर एके सिंह, डिप्टी कमिश्नर अमित पाठक, डिप्टी कमिश्नर सुरेंद्र बहादुर, डिप्टी कमिश्नर आरके सिंह, डिप्टी कमिश्नर जीएन राय, असिस्टेंट कमिश्नर प्रमोद कुमार, विनय कुमार गुप्ता, अनिल के साथ ही विभाग के कई अफसर मौजूद रहे।