सिद्धार्थनगर। जिले के दो अलग-अलग क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों में विद्युत करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, वहीं एक अन्य युवक झुलस गया। पहली घटना बांसी कोतवाली क्षेत्र के जिगिना और दूसरी कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के नोनहवा गांव की है। झुलसे युवक का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
बांसी कोतवाली क्षेत्र के जिगना गांव निवासी सनाउल्लाह (29) पुत्र दोस्त मोहम्मद के घर शनिवार की रात बिजली लाइन में खराब आ गई थी। बताते हैं कि वह शनिवार की रात तीन बजे पोल पर चढ़ कर बिजली ठीक कर रहा था। इसी दौरान तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। करंट से वह झुलस गया और पोल से नीचे गिर गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे तिलौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी घटना कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के नोनहवा गांव की है। गांव निवासी मो.हसन शुक्रवार की सुबह घर में बिजली ठीक कर रहा था, तभी सप्लाई आ गई। इससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर )। लुधियाना में रह रहे भवानीगंज थाना क्षेत्र के नौडिहवां गांव के एक युवक की रविवार सुबह करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बचाव के दौरान पत्नी व दो मासूम बच्चे भी झुलस गए। घायलों का इलाज लुधियाना में चल रहा है। इसकी जानकारी मिलने से गांव में शोक की लहर है।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के नौडिहवां गांव निवासी बब्बू तिवारी (39) लुधियाना में एक कारखाने में नौकरी करता था। बब्बू तिवारी के साथ पत्नी किरन (35), पुत्र शुभम (7) व सत्यम (4) रहते थे। बताते हैं कि सुबह 8 बजे घर में लगे बिजली के खराब बोर्ड को ठीक कर रहा था। इसी दौरान बिजली के नंगे तार से हाथ छू गया। करंट की चपेट में आता देख पत्नी ने छुड़ाने का प्रयास किया। कमरे में खेल रहे दोनों बच्चों ने भी माता-पिता को छुआ तो उन्हें भी करंट ने गिरफ्त में ले लिया। आवाज सुन पड़ोसियों ने विद्युत आपूर्ति बंद किया। युवक की मौत की खबर से ग्रामीण स्तब्ध हैं। इस संबंध में एसओ भवानीगंज अनिल सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है।