आईआईटी कानपुर में कुलपति एसएन सिंह ने पुरस्कार प्राप्त किया।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के छात्रों ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर में आईईईई की सर्वश्रेष्ठ स्टूडेंट ब्रांच का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता।
शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर में आयोजित आईईईई की वार्षिक आम सभा में स्टूडेंट ब्रांच काउंसलर डॉ. बृजेश कुमार, छात्र अध्यक्ष एकांश वाजपेयी, उपाध्यक्ष साहिल साहू एवं अभिषेक प्रताप सिंह एवं सेक्रेटरी तन्मय कुमार ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
इस उपलब्धि के लिए कुलपति समेत विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों ने बधाई दी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसएन सिंह ने कहा कि आईईईई स्टूडेंट ब्रांच की यह उपलब्धि समूचे प्रदेश के लिए गर्व का मौका है। विश्वविद्यालय में शोध कार्यों में बढ़ोतरी होगी। इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स (आईईईईं) एक अंतरराष्ट्रीय संस्थान है, जिसमें रिसर्च एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एवं कंप्यूटर साइंस से संबंधित शोध कार्य आयोजित किया जाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों एवं मीटिंग का आयोजन किया जाता है।
एमएमएमयूटी में प्रशासनिक फेरबदल
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कई प्रशासनिक फेरबदल किए गए हैं। अधिष्ठाता परास्नातक अध्ययन एवं अनुसंधान व विकास के पद पर इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर केजी उपाध्याय को नियुक्त किया गया है। प्रयुक्त विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डीके द्विवेदी को अधिष्ठाता स्नातक अध्ययन व उद्यमिता नियुक्त किया गया। आईटीसीए विभाग के प्रोफेसर यूसी जयसवाल को तकनीकी शिक्षा गुणवत्ता सुधार कार्यक्रम का समन्वयक नियुक्त किया गया है। साथ ही प्रयुक्त विज्ञान विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. वीके पांडे को प्रयुक्त विज्ञान विभाग का विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उपरोक्त समस्त अध्यापकों द्वारा अपना अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण कर लिया गया है