गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सोमवार को करीब 75 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 37.35 करोड़ की 6 परियोजनाओं का लोकार्पण और 37.24 करोड़ की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। इस मौके पर सीएम ने कहा कि जल्द ही सूबे में 108 एंबुलेंस सेवा का रिस्पांस टाइम कम करने की कवायद में 750 नई गाड़ियां मंगाई जाएंगी।
इससे पहले प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश दुबे ने सीएम एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। फिर सीएम योगी आदित्यनाथ, प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन, बांसगांव सांसद कमलेश पासवान, नगर विधायक आरएमडी अग्रवाल, विधायक फतेहबहादुर सिंह, विधायक महेंद्र पाल सिंह, विधायक संगीता यादव, विधायक विमलेश पासवान आदि के साथ दीप जलाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
इन कार्यों का लोकार्पण
79 बेड के वार्ड का निर्माण, 6 माड्यूलर ओटी, वार्ड 11 (आई वार्ड) का उच्चीकरण कार्य, गैस्ट्रोएन्ट्रोलाजी विभाग के जीर्णोद्धार का कार्य, कार्डियोलाजी विभाग में छह प्राइवेट वार्ड के जीर्णोद्धार का कार्य, 500 किलोवाट सोलर प्लांट की स्थापना।
इनका शिलान्यास
लेबर कॉम्पलेक्स भवन का निर्माण, इलेक्ट्रिक सुरक्षा का कार्य, फायर हाइड्रेन्ट सिस्टम व फायर एलार्म सिस्टम का स्थापना कार्य, 125 बेडयुक्त रैन बसेरा के निर्माण व अन्य।